मरा हर रोज़ ,पर हर हाल में जीना नहीं छोड़ा,
तुम्हारे वास्ते मैंने मगर क्या-क्या नहीं छोड़ा।
परख इंसान की होती है अक्सर दो ही मौकों पर,
कहाँ छोड़ी न ख़ुद्दारी, कहाँ झुकना नहीं छोड़ा।
थके थे पाँव, मंज़िल दूर थी, राहें थीं पथरीली,
वचन ख़ुद को दिया था इसलिए चलना नहीं छोड़ा।
श़जर ने पत्थरों की चोट खाई हर बरस लेकिन,
कभी छाया नहीं छोड़ी, कभी फलना नहीं छोड़ा।
शिकारी हैं, क़फ़स हैं,जाल हैं, मक्कारियाँ भी हैं,
परिन्दों ने कभी उड़ना, कभी गाना नहीं छोड़ा।
किसी के सुख में,उत्सव में भी मैं शामिल हुआ लेकिन,
ग़मों ने एक पल को भी मेरा पीछा .नहीं छोड़ा।
बहुत ख़ामोश रहने की मेरी आदत-सी है लेकिन,
अकेले में तेरी यादों से बतियाना नहीं छोड़ा।