ग़ज़ल



अगर है राह में सागर . .

अगर  है राह  में सागर , उसे भी  पार  करना है,
दशानन-सा है दुश्मन तो भी उस पर वार करना है।

है बनना राम  तो माया  का बंधन  तोड़ना होगा;
कहीं भी पाप हो उस पाप का संहार  करना है।

हरण जिनने किया है मान का, इज़ज़त - प्रतिष्ठा का,
मिटाने के लिए उन पर विशिख - बौछार करना है।

भटकते हैं वनों में अब भी कितने दीन- दुखियारे,
उन्हें अपनत्व देना है, उन्हें भी प्यार करना है।

वो कोई गिद्ध-बंदर हो, या कोई भील-वनचर हो,
उसे सम्मान दे हर  जीव का  उद्धार करना है।

नहीं पहुँची उजाले की किरन जिन वंचितों के घर,
वहाँ भी दीप रखने हैं, वहाँ उजियार करना है।



- डॉ वशिष्ठ अनूप

डॉ वशिष्ठ अनूप की अन्य ग़ज़लें