दरवाज़े के पीपल जैसे सब सहते थे बाबूजी,
हमें देखकर पढ़ते-लिखते, ख़ुश दिखते थे बाबूजी।
अम्मा तो कह भी देती थीं, कभी-कभी मन की बातें,
कम खाते थे, ग़म खाते थे, चुप रहते थे बाबूजी।
पैरों में चप्पलें हमेशा, हर मौसम धोती-कुर्ता,
दुबले तन पर मज़बूती से,सब सहते थे बाबूजी।
फीस, क़िताबें, होली-खिचड़ी, तीज,रजाई, मेला, हाट,
बुनकर के ताने-बाने-सा,सब बुनते थे बाबूजी।
घर भर की सारी ज़रूरतें गुप-चुप वह पढ़ लेते थे,
अपनी कोई भी अभिलाषा कब कहते थे बाबूजी।
नाती-पोतों की ख़ातिर वह कविता और कहानी थे,
शाम ढले तो अक्सर यादों में बहते थे बाबूजी।