अड़े हैं तो मंज़िल की ज़िद में अड़े हैं
बहुत छोड़ कर ही हम आगे बढ़े हैं।
अदब से उठाना ज़रा इन दियों को
अमावस में ये तिरगी से लड़े हैं।
झुके हैं फलों से लदे ये शजर जो
यकीनन ये हमसे बहुत ही बड़े हैं।
बिना अन्न के है नहीं कुछ भी मुमकिन
सृजन के तो हथियार हल -फावड़े हैं।
तपन में जो शीतल बनाते हैं जल को
वे मिट्टी के अनमोल सुन्दर घड़े हैं।
बड़े दिख रहे हैं वे कंधों पे चढ़के
जो सचमुच बड़े हैं,वे झुककर खड़े हैं।