गीत



बैरी बाघ

बुधुवा फसल अगोर रहा है

सरक रहा पुअरा मचान पर
खड़ा माघ झकझोर रहा है

बहुत खास है मुखिया जी का
टहल मिली है लगा हुआ है
धमक लग रही चौपाये की
बीड़ी पीकर जगा हुआ है

गुदरे की औकात पता है
खींच तान कर ओढ़ रहा है
बुधुवा फसल अगोर रहा है

बुधनी बड़ी सास की भगतिन
गोड़ दाब कर सुला दिया है
बोरसी में गोंइठा बटोर कर
कउड़ा मजिगर जला दिया है

सन्नाटा पसरा सिवान तक
झबरा रोकर तोड़ रहा है
बुधुवा फसल अगोर रहा है

मड़ई के भीतर है बुधनी
फिर भी रह-रह कांप रही है
गुदरा तो मलिकार ले गए
वो बस कउड़ा ताप रही है

आजी के संग घुसा मंगरुआ
रह-रह गोड़ सिकोड़ रहा है
बुधुवा फसल अगोर रहा है

जाग रही है बुधनी फिर भी
बुधुवा की ही सोच रही है
कैसे वो होगा मचान पर
मुए माघ को कोस रही है

माघ बड़ा बैरी गरीब का
सूखा हाड़ निचोड़ रहा है
बुधुवा फसल अगोर रहा है

सूर्य प्रकाश मिश्र
वाराणसी



- सूर्य प्रकाश मिश्रा

सूर्य प्रकाश मिश्रा के अन्य गीत