नजर आ रहा लहू शाम का हर डाली पर
लाल रंग हो चला है भारी हरियाली पर
सहे जा रही दर्द घात का व्याकुल ठठरी
ऑंखें ढोतीं कत्ल हुए सपनों की गठरी
घूम रही सन्देह की परिधि हर माली पर
खत्म हुई ना पीर अभी तक गुजरे कल की
खड़ी हो गई चिन्ता आने वाले पल की
आज मनाता शोक रेत सी खुशहाली पर
लगा गई बेबसी सर्द आहों पर ताला
देख रहा है पेट रूठ कर गया निवाला
रोटी की जिम्मेदारी फूटी थाली पर
भरी जवानी में ही जुगनू रोज मर रहे
सूखे पत्ते जाने कब से शोर कर रहे
उचट गई है नींद वक्त की बदहाली पर
सीने पर काबिज साँसों का पढ़ दुस्साहस
रुकी हुई है डर कर अब भी घनी अमावस
उम्मीदों की बाड़ सजग है रखवाली पर
(\'भोर का तारा न जाने कब उगेगा\' संग्रह से )