मुखिया गरम कमीज दे गये
खुश है बुधुवा उतरन पाकर
जैसे दुर्लभ चीज दे गये
मुखिया गरम कमीज दे गये
जाड़े भर ठिठुरा करता था
अब थोड़ा आराम रहेगा
बुधुवा -बुधनी की जुबान पर
मुखिया जी का नाम रहेगा
बेगारी की फसल उगेगी
सोच समझ कर बीज दे गये
मुखिया गरम कमीज दे गये
फटा हुआ कॉलर का कोना
चौराहे पर सिल जाएगा
पलटन से लौटेंगे बबुआ
तब जूता भी मिल जाएगा
बंधा रहे बुधुवा तन मन से
वादों की ताबीज दे गए
मुखिया गरम कमीज दे गये
फिर चुनाव आने वाला है
मौसम कुछ सनसनीखेज है
कदम रख रहे फूँक-फूँक कर
मुखिया जी की नजर तेज है
साध रहे हैं एक-एक कर
लालच की दहलीज दे गए
मुखिया गरम कमीज दे गये
सूर्य प्रकाश मिश्र
वाराणसी