मन मिजाज मूड़े जाएंगे
निकले कई हजाम
कोई पुश्तैनी है कोई नया बना है
और किसी को विकृतियों ने स्वयं जना है
सब के मौसम के लिहाज से
अपने अपने दाम
मन मिजाज मूड़े जाएंगे
निकले कई हजाम
उन्नातिशील हुआ कोई कुएं का मेढक
लेकिन सारे के सारे जनता के सेवक
लिखा हुआ कुछ दिन किस्मत में
पानी जाड़ा घाम
मन मिजाज मूड़े जाएंगे
निकले कई हजाम
गाँव नगर सब हवा देख कर डरे हुए हैं
पर हजाम सेवा की जिद पर अड़े हुए हैं
सबकी नीयत के गवाह हैं
सहमे हुए हमाम
मन मिजाज मूड़े जाएंगे
निकले कई हजाम
हरे रंग के चोले कुछ चोले बासंती
भूले बिसरे गीत और कुछ हैं किवदन्ती
किसिम किसिम की सूरत सबकी
किसिम किसिम के नाम
मन मिजाज मूड़े जाएंगे
निकले कई हजाम
सूर्य प्रकाश मिश्र
वाराणसी