गीत



वन विहार

सज गई गांव की पंचायत
पर जहर बो गई घर घर में
पुश्तैनी रिश्तों की जमीन
तब्दील हो गई बंजर में

लोगों ने देखी नागफनी
बेला कनेर के पास उगी
रो रही गाँव की पगडण्डी
सीने पर जिसके घास उगी

मटमैला प्रश्न उभर आया
वाजिब प्रश्नों के उत्तर में

मालिक बन बैठे हैं बबूल
दिन कठिन हुए फुलवारी के
धूमिल हो गए नियम सारे
पुरखों की खेती बारी के

कर गया दौर अनगिनत छेद
पुश्तैनी सुन्दर चादर में

ले रहा ठहाका वन विहार
सीधी सादी अमराई में
हो गया दफन भाई चारा
झूठे कल की गहराई में

विश्वास नहीं करता कोई
सौहार्द प्रेम के ईश्वर में

सूर्य प्रकाश मिश्र
वाराणसी



- सूर्य प्रकाश मिश्रा

सूर्य प्रकाश मिश्रा के अन्य गीत