अगर है राह में सागर , उसे भी पार करना है,
दशानन-सा है दुश्मन तो भी उस पर वार करना है।
है बनना राम तो माया का बंधन तोड़ना होगा;
कहीं भी पाप हो उस पाप का संहार करना है।
हरण जिनने किया है मान का, इज़ज़त - प्रतिष्ठा का,
मिटाने के लिए उन पर विशिख - बौछार करना है।
भटकते हैं वनों में अब भी कितने दीन- दुखियारे,
उन्हें अपनत्व देना है, उन्हें भी प्यार करना है।
वो कोई गिद्ध-बंदर हो, या कोई भील-वनचर हो,
उसे सम्मान दे हर जीव का उद्धार करना है।
नहीं पहुँची उजाले की किरन जिन वंचितों के घर,
वहाँ भी दीप रखने हैं, वहाँ उजियार करना है।