चलो अच्छा है मेरी ज़िन्दगी भी मुस्कुराती है
तुम्हारे साथ ही चाहे ये पगली मुस्कुराती है
कहीं बाहर से आता हूँ मुझे जब देखती है माँ
बहुत रहती है अब बीमार फिर भी मुस्कुराती है
किसी मज़लूम से हासिल तुम्हारे मालो दौलत पर
मेरी यह चैन से बैठी ग़रीबी मुस्कुराती है
वो घर जन्नत से क्या कम है? जहाँ हर सम्त आँगन में
जिधर देखो कोई नन्ही सी बच्ची मुस्कुराती है
जिसे देखे जमाना हो गया, पथरा गईं आँखें
बना कर घर ख़यालों मे वो लड़की मुस्कुराती है
मेरी किस्मत का मुझसे "मालवी" रिश्ता अनोखा है
कभी रोता हूँ जब मैं ख़ूब बैठी मुस्कुराती है