नये मौसम में ढलना चाहता है
हजर दिल का पिघलना चाहता है
फ़रिश्तों फिर मेरे अंदर का बच्चा
चले आओ बहलना चाहता है
अगर ऐसा हुआ मर जाऊँगा मैं
कोई चेहरा बदलना चाहता है
नये इस दौर में नेटो- गुगल के
पुराना ख़त वो जलना चाहता है
समझना ही नहीं कुछ चाहता दिल
तेरी ख़ातिर मचलना चाहता है
भले खोटा इसे कहती हो दुनिया
मगर सिक्का ये चलना चाहता है
छुपाये फिर रहा आंखें जो मुझसे
ज़बाँ से शख़्स टलना चाहता है
लिये रोना मुसलसल बेबसी का
तू क्या बस हाथ मलना चाहता है