अब कहाँ पर बनाऊं बसेरा
बाज ऊपर है नीचे बघेरा।।
तिनका चुनचुन के लाऊँ कहां से
अब दरख़्तों को शोलों ने घेरा।।
आजू -बाजू मेरे अजदहे हैं
साँप खुद हो गया है सँपेरा।।
दिन तो बीता है जद्दोज़हद में
रात में जान लेगा अँधेरा।।
बैठकर आंँधियां तो गुज़ारी
पानी पानी हुआ है सवेरा।।
खण्डहर में छुपी ज़िन्दगी है
पर वहां भी शिकारी का डेरा।।