कहानी



बेटा

जानकी ने जब से होश संभाला उसे दुनिया में प्यार की कमी कभी महसूस नहीं हुई। वरना कई बार तो लड़की पैदा होते ही सियापा हो जाता है। रजिन्दर को कोई सन्तान नहीं हो रही थी। देवी -देवता, दवा-दारू सब कर डाला लेकिन बाँझ का नाम खतम होने को तैयार ही नहीं था। महराजिन ने बनारस जाकर लोलारक कुण्ड स्नान करने की बात बताई। उन्होने अपनी ममिया सास की नातिन के बारे में बताया। जो बड़े -बड़े डाक्टर, वैद्य के यहाँ से लौट आई थी लेकिन गोद नहीं भरी। पति पत्नी दोनों लोग बनारस जाकर लोलारक कुण्ड नहा कर आए  और उसी साल भगवान ने गोद हरी कर दी । रजिन्दर अपनी पत्नी

दमयंती के साथ भादों शुक्ल पक्ष की षष्ठी पर बनारस लोलारक कुण्ड का स्नान करने आये। यथा शक्ति दान दक्षिणा भी दिया। भगवान विश्वनाथ व संकटमोचन मन्दिर में जाकर दर्शन किया। मन में बस यही कामना रही ,हे भगवान ,हे देवी देवता किसी तरह बाँझ का नाम छोड़ा दीजिए। भक्त की आर्त पुकार भगवान ने सुन  लिया  और साल भीतर ही जानकी का जन्म हो गया। रजिन्दर की माई ने बेटी पैदा होने पर भी थाली बजवाई। वो लोग बहुत बड़े गिरहस्थ तो नहीं थे लेकिन छोटे भी नहीं थे। बहुत दिनों तक सोहर होता रहा। छठी -बरही भी बड़ी धूमधाम से मनाई गई । पौनी -परजा सबका मन खुश

हो गया । जानकी बड़ी होती रही लेकिन किसी भाई -बहन का साथ नहीं पा सकी । इसका एक परिणाम ये भी हुआ कि सबका प्यार एक पर ही केन्द्रित हो कर रह गया । ऐसे बच्चे प्राय: जिद्दी और ढीठ हो जाते हैं लेकिन जानकी का स्वभाव मधुर व सबके साथ घुलने मिलने वाला रहा ।

 

सत्यनारायन भगवान की कथा में जिस कलावती कन्या का जिक्र है वैसे ही जानकी बढ़ती रही। गाने-बजाने से लेकर खाना बनाना, सिलाई बुनाई सभी कामों में बिल्कुल सोलह आने पक्की। भजन गाने में तो एकदम मीराबाई। पढ़ने में गाँव के स्कूल से मिडिल पास किया फिर बगल वाले गाँव में लड़कियों के साथ

जाकर समाजशास्त्र में बी ए तक की शिक्षा प्राप्त कर ली। सुख के दिन तेज बीतते हैं। समय कब पंख लगाकर उड़ गया पता ही नहीं चला ।

रजिन्दर को अब बेटी के व्याह की चिन्ता सताने लगी । जानकी से बिछड़ने की कल्पना मात्र से ही घबराहट होने लगती, दिल डूबने लगता। कभी-कभी तो रात -रात भर नींद नहीं आती । लोग कहते हैं कि लड़के लड़की में फर्क नहीं होता । लेकिन फर्क तो होता है। किसी बेटी विदा करने वाले के दिल से पूछिए।

बस ये सोचकर सन्तोष हो जाता है कि हर बेटी वाले के साथ ऐसा ही होता है ।

शादी के लिए दौड़ धूप शुरू हो गई। रिश्ते देखे जाने लगे। देहात में तो अच्छे -अच्छे रिश्ते पता चले लेकिन रजिन्दर चाहते थे कि लड़की शहर में ही जाए।  

जिससे आराम मिलने के साथ -साथ उसकी प्रतिभा का सही उपयोग हो सके । देखते -देखते दूर की रिश्तेदारी में एक रिश्ता पता चला। लड़का अकेला था, उसके पिता नहीं थे। माँ अध्यापिका से सेवा निवृत हो चुकी थीं और पेंशन पा रही थीं। लड़का शहर में ही प्राइवेट नौकरी करता था। अपना दो मंज़िला

मकान था। ऊपरी मंजिल किराये पर उठा रखा था और नीचे की मंजिल में स्वयं रहते थे। पता लगाया शरीफ लोग थे। लड़के की माँ चाहती थी कि रिश्ता किसी भरे पूरे परिवार में हो जिससे जन की सहूलियत  बनी रहे। लड़के को वक्त जरूरत पर रिश्तेदारी की कमी न अखरे। अकेली लड़की वाला रिश्ता उन्हें

नहीं भाया। लेकिन अगुआ ने कहा एक बार लड़की को देख तो लीजिये साक्षात लक्ष्मी है फिर जैसा विचार हो करना। इसके पीछे ये विश्वास मजबूत था कि लड़की देखने के बाद वो नकार नहीं पायेंगी और उनके संस्कार नकारने भी नहीं देंगे ।

 

शहर के एक मन्दिर में लड़की दिखाने का प्रोग्राम तय हुआ। रजिन्दर का दिल धक -धक कर रहा था। लेकिन जानकी ने जैसे ही अपनी  होने वाली सास का पैर छूआ उन्होने उसे सीने से लगा लिया । लगा जैसे वर्षों का पुण्य उदय हो गया। इतनी सुन्दर लड़की उनकी बहू बनेगी। रजिन्दर ने होनेवाले दामाद के

चेहरे पर स्वीकृति की रेखायें पढ़ कर सन्तोष की साँस लिया। नाश्ते-पानी की औपचारिकता के बाद सब अपने घर विदा हो गए। लेन -देन कोई मुद्दा नहीं बन पाया। रजिन्दर ने जानकी को बनारस लाकर गंगा स्नान कराया, विश्वनाथ और संकटमोचन मन्दिर का भी दर्शन किया गया। शादी धूम -धाम से हो गई

रजिन्दर के भाई भतीजों ने भी बड़ा सहयोग किया। जानकी की शादी के बाद रजिन्दर और उनकी पत्नी के साथ -साथ खेती बारी की ज़िम्मेदारी भी अब उन्हीं की हो जानी थी ।

जानकी ने  अपनी नइहर  की देहरी को जी भर के देखा। कल से ये देहरी परदेश हो जायेगी। यहाँ आना -जाना भी वश में नहीं रहेगा ,दूसरों की मर्जी चलेगी। अब हुलस कर माँ बाप से कोई चीज माँग नहीं पाएगी। सारा हक खतम।

 

आलोक को पति के रूप में पाकर जानकी धन्य हो गई। पिता का साया सिर से उठ जाने का असर ज्यादा ज़िम्मेदारी उठाने वाली मानसिकता के रूप में सामने आया था। अनुशासित माँ का जिम्मेदार बेटा। आलोक की माँ जानकी को बहुत मानने लगी। सबसे कहती फिरती कि बहू  ने घर में अंजोर कर दिया है। फिर माने भी क्यों न, जानकी का व्यवहार "राणा की पुतली फिरी नहीं फौरन  चेतक मुड़ जाता था "को पूरी तरह चरितार्थ करता था। काम के नाम पर कुछ खास था नहीं। सो झाड़ू बहारू और खाने पीने से बचे समय में कुछ सिलाई बुनाई करती रहती और सास की सेवा भी। सास अगर आराम करने पर जोर देती तो वहीं उनकी बगल में ही जमीन पर लेट रहती। रजिन्दर कभी कभार आते रहते थे ,गाँव में उपजने वाली खाने पीने की मौसमी चीजें लेकर। यहाँ जानकी को सुख से देखते तो छाती जुड़ा जाती । दो तीन साल तो झट से बीत गए हँसते गाते। एक दिन जानकी को उल्टी जैसी होने लगी तो शुभ समाचार

का पता भी चल गया। तुरन्त डाक्टर को दिखाया गया उसकी सलाह से तरह -तरह की सावधानियाँ बरती जाने लगीं। सब कुछ अच्छा -अच्छा होता रहा

मखमल जैसा। पर जिन्दगी ऐसी होती कहाँ है। न जाने किसकी नजर लग गई इस घर को। आलोक सुबह काम पर गये तो शाम को आते समय उनके एक्सीडेंट की खबर आयी । बहुत दौड़ धूप हुई पर उन्हें बचाया नहीं जा सका। आलोक के दोस्तों ने बहुत संभाला। दूर के एक भाई ने चिता को आग दी।

 

आलोक की माँ जानकी को सीने से लगा -लगा कर रोती रहीं। मगर जानकी तो जैसे काठ की हो गई। जिन्दगी में पहली बार दुख से सामना हुआ और वह भी इतना बड़ा निकला। रजिन्दर, उनकी पत्नी, भतीजा, बहू सभी जानकी के पास आ गए। पर किसी के समझ में नहीं आ रहा था कि क्या कह कर ढाढ़स बँधाए। भगवान कभी -कभी इतना बेरहम क्यों हो जाता है? कुछ दिन बाद रजिन्दर की पत्नी ने जानकी को घर ले जाने की बात कही। पर जानकी ने अपनी सास को अकेले छोड़ कर जाने से मना कर दिया। उसकी सास ने भी बहुत समझाया पर उसने न जाने का हठ ठान लिया। कहते हैं दुर्भाग्य कभी अकेला नहीं आता। दो महीने बाद आखिरी उम्मीद बना गर्भ भी समाप्त हो गया । जानकी के चचेरे भाई और भाभी ने बहुत साथ दिया। यहाँ रुक कर सब संभाला। रजिन्दर तो जैसे टूट ही गये। हे भगवान अब क्या होगा। दिन खिसकते रहे। दुख के दिन अगर रुक जायें तो आदमी मर न जाए।

धीरे-धीरे सब सामान्य होने लगा । जानकी और उसकी सास दोनों दुख के साथ जीने की आदत डाल चुके थे। पर फर्क था, जानकी को पूरी जिन्दगी बितानी थी और उसकी सास को गिने चुने दिन । एक दिन जानकी को उसकी भाभी ने पहाड़ जैसे दिन का वास्ता देकर कुछ दूसरा सोचने की बात चिट्ठी में लिखी ।

जानकी ने लिख दिया ,दिन पहाड़ जैसे नहीं होते ,पानी के बुलबुले जैसे होते हैं । पहाड़ जैसे होते तो आलोक चले क्यों जाते । उसने अपनी सास के पहले दिन से लेकर अब तक के व्यवहार की चर्चा की और यह भी बताया कि उन्होने भी उससे दूसरी शादी कर लेने के लिये समझाया था । पर उसने फिर उनसे ऐसा न कहने का वचन ले लिया है ।

 

आलोक के एक दोस्त की मदद से जानकी को स्कूल में पढ़ाने का काम मिल गया। उसे छोटे बच्चे बहुत अच्छे लगते। उनकी सेवा और देखभाल एक माँ की तरह करती। धीरे-धीरे वह बहुत से बच्चों से आत्मीय हो गई । उसकी क्लास से पास हो कर जाने वाले बच्चे भी उससे बहुत प्यार करते । उनकी शरारतों की, खेल कूद की बातें वह रोज अपनी सास को सुनाया करती थी। बच्चे अपने साथियों की शिकायतें उससे करते थे जिसे वह माँ की तरह निपटाया करती । स्कूल का प्रबन्ध तंत्र भी उससे बहुत खुश था। इस बीच धीरे धीरे उसके माँ बाप स्वर्ग सिधार गए। चचेरे भाई और भतीजे कभी कभार आते रहते थे। पर यह

रस्म अदायगी भी मद्धिम पड़ने लगी। उसकी सास अब बहुत बीमार रहने लगी थीं। उनकी आँखों में जानकी के लिए चिन्ता की लकीरें स्पष्ट देखी जा सकती थीं । एक दिन उसकी सास ने कहा, बेटी अपने किसी भतीजे को ही यहाँ रख लो साथ अपने। उसने कहा माताजी मेरे दो सौ बच्चे हैं और आप मुझे एक तक सीमित रखना चाहती हैं। ठीक है देखा जायेगा। ऐसे ही एक दिन सास भी भगवान को प्यारी हो गईं। लगाव कहें या लोक लाज जानकी के चचेरे भाइयों ने पूरा काम  काज संभाला। अब जानकी अकेली रह गई। उसने अपने लिए एक कमरा रखकर नीचे की मंजिल में भी कुछ पढ़ने वाली लड़कियों को किराये पर रख लिया। जिन्दगी फिर एक ढर्रे पर चलने लगी। स्कूल से घर तक सेवा सिर्फ सेवा या ईश्वर की भक्ति।

 

जिन्दगी ने फिर करवट लिया और आँख दिखाने लगी । ऊपरी मंजिल के किरायेदार ने किराया देने में हीला हवाली करना शुरू कर दिया । और तो और उसने ऊपरी मंजिल के ऊपर अपना अलग निर्माण करने की भी ठान लिया। उसने जानकी को विभिन्न तरह से तंग करना शुरू कर दिया। मकान हड़पने का इरादा साफ जाहिर होने लगा। पड़ोस और रिश्तेदार सभी ने इस संकट की घड़ी में किनारा कर लिया। और नहीं तो लगे खिल्ली उड़ाने। जाएँ अपने दो चार सौ बच्चों को बुला लाएँ ,मकान खाली करवा लें। जानकी का चैन हराम हो गया। उसे कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था। भगवान से ही अपनी बातें कहती रहती ।

एक दिन साथ की अध्यापिका ने पुलिस में प्रार्थना पत्र देने की बात  कही। पुलिस से मिलना तो भयभीत करने वाला काम  था। सोचा गया रजिस्टेर्ड डाक से प्रार्थना पत्र भेजा जाये । आगे ईश्वर की मर्जी । अपनी पूरी कहानी सच सच लिखकर जानकी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नाम चिट्ठी रजिस्ट्री कर दिया। ऊहापोह में रात बीती नींद  भला क्या आती ।

 

अगली सुबह उठी ही थी कि दरवाजे पर पुलिस की दो गाड़ियां आकर रुकीं। इतनी तेज कार्रवाई, उसे तो विश्वास ही नहीं हुआ। लोग झूठे ही पुलिस पर तोहमत लगाते  हैं। अभी कल ही पत्र भेजा और आज जांच आ गई। पहली गाड़ी पर पुलिस उप अधीक्षक लिखा हुआ था। उसमें से एक रोबीला नौजवान

अफसर उतरा, पूछा जानकी देवी का घर यही है। इतनी सुबह-सुबह पुलिस देखकर ऊपर का किरायेदार भी घबड़ा गया। उसने समझ लिया कि शिकायत हो गई। लेकिन वह ये भी जानता था कि पुलिस से कैसे निपटना है। जानकी बाहर आई बोली जी मैं ही जानकी देवी हूँ, अन्दर आइए कमरे  में । वह पुलिस अफसर जानकी के पैरों में झुका बोला मैडम मुझे पहचाना नहीं, मैं आपका बेटा गिरीश। जिसे आपने तीन साल तक पढ़ाया और माँ जैसा व्यवहार किया ।

मेरे पिता का तबादला दूसरे शहर में हो गया तो मैं चला गया किन्तु अब तक आपको भूला नहीं हूँ। बचपन में मेरी माँ नहीं थी। मैंने आप से ही माँ का मतलब जाना था। अपनी पहली ज्वाइनिंग पर सबसे पहले आपका पैर छूने आया हूँ, तब मन्दिर जाऊँगा। जानकी को लगा उसका बेटा आ गया है । अब उसे मुसीबतों से छुटकारा मिल जाएगा । 



- सूर्य प्रकाश मिश्रा

सूर्य प्रकाश मिश्रा की अन्य कहानियाँ