कहानी



'ललमुनिया'

बैंक की नौकरी इधर ज्यादा ही कठिन लगने  लगी है। जबसे कम्प्यूटर लगा है, स्थिति कभी भी सामान्य  नहीं हुई। रोज नये सॉफ्टवेयर, नये प्रोग्राम और सिखाने वाला कोई नहीं। बस एक फोन पकड़ा दिया, जिसकी अपनी मर्जी मन करे मिले, मन न करे, न मिले। मिल भी जाये तो आवाज सुनाई देने की गारंटी नहीं। सब कुछ सही हो जाने पर निर्धारित प्रशिक्षक की झुंझलाई हुई परेशान आवाज। इनके साथ-साथ कनेक्टिविटी का अपना खेल और पब्लिक के ताने।

लगभग पन्द्रह साल हो गये समतल रास्ते पर चले हुए, हमेशा फिसलन भरी ढलान। सुबह आने का समय निर्धारित पर जाने का कोई निश्चित समय नहीं।

तबीयत थक जाती है। लगता है समय जल्दी -जल्दी क्यों नहीं चलता।

आज ऑफिस जैसे ही पहुँचा, मुख्य प्रबन्धक महोदय का बुलावा आ गया, जो सुबह- सुबह बहुत कम ही आता है। जरूर कोई खास बात होगी। जैसे ही मैं उनके कमरे में पहुँचा, मुस्कुराते हुए उन्होने हाथ बढ़ाया । मन में डर-सा महसूस हुआ । कभी न हँसने वाले आदमी की मुस्कुराहट,  भगवान रक्षा करना।

सामान्य हाल-चाल के बाद उन्होने मेरे ट्रान्सफर की बात बताई । साथ ही साथ यह भी बताया कि नये ऑफिस में काम कम होगा। हाँ! एक बात है कि शाखा ग्रामीण क्षेत्र में है और वहाँ से रोज-रोज घर जाना नहीं हो पाएगा, साप्ताहिक अन्तराल पर ही वह सम्भव है ।

मैं आदेश कि कॉपी लेकर बाहर आ गया । तब तक मेरे स्थानांतरण कि खबर ऑफिस में फैल  चुकी थी । मेरे प्रति सहानुभूति रखने वाले चिन्तित और खुन्नस रखने वाले प्रसन्न दिखने लगे थे। कुछ लोगों ने नियंत्रक कार्यालय को परेशानी बताने का सुझाव दिया। किन्तु मैं जनता था कि इसका कोई फायदा नहीं होगा। उल्टे ये सुनने को जरूर मिलेगा कि क्या तुम्हारे घर में ब्रांच खोल दी जाये।

अपनी पहली ब्रांच याद आई जहाँ सिंह साहब प्रबन्धक थे। बिल्कुल घर के बड़ों जैसा व्यवहार। रहने की  व्यवस्था क्या है, होटल में मत खाना, अपने हाथ का भोजन अच्छा रहता है। कोई दिक्कत होने पर बेझिझक होकर परेशानी बताने की छूट। क्या लोग थे! माना कम्प्युटर पर काम करना जरूरी है लेकिन संवेदना को जीने में क्या मजबूरी है। गला भर्राने लगा, खाँस कर ठीक किया। इधर कई दिनों से बुखार भी आ रहा था। छुट्टी मिलेगी तो दवा भी हो जाएगी। वरना छुट्टी कहाँ मिल पाएगी फिर।

अब नई जगह के बारे में सोचने लगा। झूमते हुए पेड़ देखने को मिलेंगे, खेत और फसलें देखने को मिलेंगी। कोयल, गौरैया, तोता, नीलकण्ठ, बुलबुल, बगुले। लगा जैसे सभी मेरा इन्तजार कर रहे हों।

नयी जगह जाने पर मैंने नये शहर में अपने रहने का ठिकाना बनाया । वहाँ से करीब बारह किलोमीटर की दूरी पर ब्रांच और शहर से ब्रांच जाने का रास्ता दोनों तरफ से पेड़ों से घिरा हुआ। मोटरसाइकिल की यात्रा में - पकते हुए धान की भीनी-भीनी खुशबू से भरा वातावरण, उड़ते हुए कौवे, नीलकण्ठ और तोते - मजा आ गया। फिर मिली ललमुनिया। पूंछ हिलाती, गुनगुनाती, फुदकती हुई छोटी-सी लाल चिड़िया। जो मुझे अतीत के पन्नों तक लेकर चली गई ।

 तब मैं दर्जा दो में पढ़ता था। नगरपालिका का स्कूल, बैठने के लिये टाटपट्टी, झोले का बस्ता, सरकंडे की कलम और दावात में स्याही। स्याही गिर न जाये इसलिये दावात के अन्दर छोटा-सा कपड़े का टुकड़ा, जो स्याही सोखे रहे। दर्जा एक से दो में जाने पर पटरी, कालिख और दुद्धी से साथ छूट जाने की खुशी, कॉपी पर लिखने के उत्साह को दूना कर रही थी। सभी लड़के नये दर्जे में आने से बड़े उत्साहित थे तभी अपने पिता के साथ एक नया लड़का हमारी क्लास में आया। उसके पिता मास्टर साहब से, जिन्हें हम माट साब कहते थे, कुछ बातें करने लगे। क्लास के लड़के भी बातें करने लगे जिससे शोर-सा  उठने लगा । माट साब ने दुखहरन महराज को जमीन पर पटक कर सबको डाँटा । माट साब की छड़ी का नाम दुखहरन महराज था ।

थोड़ी देर बाद माट साब ने उस नये लड़के को मेरे पास बैठने का इशारा किया । वह मेरे पास आकर बैठ गया। माट साब सभी लड़कों को उनके नाम के आगे "वा" जोड़कर या आ की मात्रा लगाकर बुलाते थे । जैसे महेशवा, अनिलवा, रजिन्दरा, महेन्दरा। हम लोग भी आपस में इसी प्रकार के सम्बोधन इस्तेमाल किया करते थे। इस तरह पहले दिन से ही अनिलवा मेरा दोस्त हो गया। वह बहुत सीधा था लेकिन ढ़ेर सारी बातें करता रहता था। माट साब उसकी इस आदत से बहुत नाराज होते थे। कभी -कभी उसके साथ -साथ मुझे भी दुखहरन महराज से दो चार होना पड़ता था।

अनिलवा के बाबूजी किसी ऑफिस में बड़े बाबू थे। उसकी एक छोटी बहन थी, जो अक्सर उसकी कॉपी फाड़ दिया करती थी। उसकी दादी साथ ही रहती थीं और उसे ढ़ेर सारी कहानियां सुनाया करती थीं, राक्षस की, राजकुमारी की, उड़ने वाले घोड़े की, बोलने वाले फूल की। धीरे -धीरे उनकी कहानियों से मैं भी परिचित हो चला था। उसकी दादी ने उसे बताया था कि कभी भी चिड़ियों को पिंजरे में नहीं बन्द करना चाहिये। वे दुखी रहती हैं और हम उनके रोने कलपने को भी गाना समझ कर खुश होते रहते हैं। उसने बताया उसके क्वार्टर के पास वाले पेड़ पर ललमुनिया चिरई का जोड़ा रहता है। वह जब स्कूल के लिये चलता है तो गीत सुनाता है और जब स्कूल से घर पहुँचता है तब भी गाता हुआ मिलता है। जैसे उसे पहचानने लगा है। अब अनिल कि बातों में दादी की  कहानियों कि चर्चा कम  और ललमुनिया की बातें ज्यादा रहने लगीं। वह कैसे उड़ती है, कैसे गाती है, कैसे फुदकती है और पहाड़ा रटते समय कैसे चुपचाप देखती रहती है ।

अनिल पढ़ने में बहुत तेज था। कोई पाठ तुरन्त याद कर लेता। गिनती, पहाड़ा और पैमाने उसे पूरी तरह कंठस्थ थे। शाम तीन बजे से ही घर भागने की तैयारी करने लगता। बोलता–“मेरी ललमुनिया आई होगी।“

 बालसभा में गाने के लिये माट साब ने उसे कविता रटवाई थी । लेकिन जब सभा में देर होने लगी तो वह मुझसे धीरे से कहकर भाग गया। मैं उसे समझाता ही रह गया कि कल वह मार खायेगा। लेकिन उस पर कोई असर नहीं पड़ा। वही हुआ, माट साब ने अगले दिन उसे दुखहरन महराज का सेवन कराया । पूछा कि वह भागा क्यों? अनिल ने उन्हें बताया, देर हो रही थी और देर हो जाने पर ललमुनिया बिना उससे मिले ही चली जाती।

एक दिन अनिल देर से स्कूल आया। पूछने पर उसने बताया कि आज ललमुनिया नहीं आई। उसी की बाट जोहते देर हो गई। दिन भर पढ़ाई में उसका मन नहीं लगा। शाम को जल्दी ही चला गया। फिर वह हफ्तों स्कूल नहीं आया। मैं कई दिनों बाद स्कूल से सीधा उसके घर गया। देखा वह बीमार है। चेहरा काला पड़ गया था लेकिन सामने के पेड़ पर टकटकी लगाये हुए था। उसने बताया, दोस्त ललमुनिया अब नहीं आती है। दादी कहती हैं उसे कोई पकड़ ले गया है। अब वह पिंजरे में बन्द होगी तो कैसे आयेगी!

अनिल धीरे -धीरे ठीक हो गया। लेकिन उसकी चहक गायब हो गई। अब वह गुमसुम रहने लगा। पहाड़ा, गिनती तो झटके से बता देता लेकिन बतकही की आदत जैसे छूट गई। हम लोग स्कूल की छुट्टी होने पर बाहर निकल रहे थे तभी अचानक ढ़ेर सारे पिंजरों की कांवर लिये एक बहेलिया दिखाई दिया। उन पिंजरों में तोता, ललमुनिया के कई जोड़े बन्द थे। अनिल ने उससे दाम पूछा।

“तोता और बुलबुल दो रुपये जोड़ा, ललमुनिया एक रुपये जोड़ा। खरीदना है?”

“नहीं! मेरे पास पैसे नहीं हैं।“: फिर अनिल खाली आँखों से आसमान की तरफ देखने लगा। उन दिनों एक, दो और तीन पैसों के नये सिक्के चले थे। हम उन्हें हथेली पर रखकर फूँक मार कर उड़ाया करते थे । देखो कितना हल्का सिक्का है । सभी लड़कों को कुछ न कुछ पैसे घर से जरूर मिला करते थे। जिनसे वह स्याही की पुड़िया, चूरन, अमरूद, लेमनचूस आदि खरीदा करते थे। हम लोग दोपहर में घर से लाई हुई रोटी या भूजा खाने के बाद स्कूल से बाहर जाकर ये चीजें खरीदते थे। लेकिन अनिल टिफिन के बाद कभी हमारे साथ स्कूल से बाहर नहीं जाता था। मैंने कभी भी उसे कुछ खरीदते हुए नहीं देखा। मैं अपने हिस्से में से ककड़ी, चूरन, अमरूद उसे दिया करता जिसे वह बहुत ना नुकुर करने के बाद ही लेता। क्योंकि मैं उसका इकलौता दोस्त जो ठहरा।

ऐसे ही धीरे-धीरे साल बीत गया। हम लोग दर्जा दो से तीन में आ गए। स्कूल की छुट्टी के समय एक दिन फिर कांवर लिये बहेलिया दिखाई दिया। अनिल ने उससे ललमुनिया के जोड़े का दाम पूछा ।

"बीस आना जोड़ा।"

अनिल ने धीरे से कहा -"एक रुपये में दोगे।"

बहेलिये ने उसे ध्यान से देखा। बोला- "निकालो पैसे।"

"मेरे घर चलो।"

मैं भी बस्ता लेकर अपने घर जाने की बजाय उसके साथ-साथ उसके घर की तरफ चल पड़ा। अनिल तेजी से घर में घुस गया।

बहेलिये ने उसके घर के सामने अपनी पिंजरों वाली कांवर जमीन पर रख दिया। चिड़ियों की चहचहाहट सुनकर अनिल की दादी घर से निकलीं। बोलीं –“मेरे घर चिड़िया कोई नहीं खरीदेगा, जाओ।“

तभी अनिल अन्दर से अपनी गुल्लक लिये हुए आया। बोला-“दादी चिड़िया वाले को मैंने बुलाया है।“ दादी बोलीं–“बेटा चिड़िया पिंजरे में रोती है। उसे बन्द नहीं करना चाहिये। क्या करोगे खरीद कर!” लेकिन वह चुपचाप बहेलिये की तरफ बढ़ता रहा। उसने बहेलिये के सामने जमीन पर पूरा गुल्लक खाली कर दिया। एक, दो और तीन पैसे के सिक्के निकले। गिनती करने पर कुल एक सौ दो पैसे हुए। उसने सारे पैसे बहेलिये को दे दिये। बोला - “ललमुनिया का जोड़ा पिंजरे से आज़ाद कर दो।“

बहेलिये ने उसे बड़े गौर से देखा। दो पैसे उसे लौटा दिये और ललमुनिया का पिंजरा खोल दिया।

ललमुनिया का जोड़ा फुर्र से उड़ कर पेड़ों के पीछे गायब हो गया। अनिल के चेहरे पर आये भावों को देखकर मुझे लगा मेरा पहले वाला दोस्त अनिलवा मिल गया है। जो ललमुनिया के सुबह आने का इन्तजार करेगा और स्कूल में उसी तरह चहकेगा भी।



- सूर्य प्रकाश मिश्रा

सूर्य प्रकाश मिश्रा की अन्य कहानियाँ