शून्य से लाता शिखर पर आज सोशल मीडिया
पर-कटे को दे रहा परवाज़ सोशल मीडिया
एक के बिन दूसरा अब कुछ अधूरा-सा लगे
ज़िन्दगी है गीत तो है साज़ सोशल मीडिया
बहनें-भाई भी बने, कुछ दोस्त-दुश्मन भी बने
रिश्तों का सुंदर बना कोलाज सोशल मीडिया
नफ़रतें भी उल्फ़तें भी, ज्ञान और अज्ञान भी
सब तुम्हारे हैं जुदा अंदाज़ सोशल मीडिया
जब ज़रूरत आ पड़ी तो सब बुराई छोड़कर
पीड़ितों की बन गया आवाज़ सोशल मीडिया
आप आँखें मूँद कर इस पर यक़ीं करिए नहीं
आपके सब खोल देगा राज़ सोशल मीडिया
जो बिना सोचे-विचारे बेतुका-सा बोलते
बस उन्हीं पर है गिराता गाज सोशल मीडिया
आपको है छूट तो बेशक़ बनाएँ रील ख़ूब
हाँ, मगर रखिए ज़रा-सी लाज सोशल मीडिया
रीच घटने पर वे सबसे घूम कर कहने लगे
हो गया है आजकल नाराज़ सोशल मीडिया
हुक्मरानों ने अगर आवाम को धोखा दिया
टूट पड़ता उनपे बनकर बाज सोशल मीडिया
आप अपने सब हुनर क्योंकर छिपाकर रख रहे
आप भी आकर करें आग़ाज़ सोशल मीडिया
उसको उतनी दे तवज्जो जिसकी जो औक़ात है
मूल हरदम लेखनी है ब्याज सोशल मीडिया
अपनी सीमा में ही रहकर जो करें तेरा प्रयोग
उनको तुझ पर है हमेशा नाज़ सोशल मीडिया
इसलिए 'बादल' यहाँ पर आज़माता हाथ है
क्या पता कब सिर पे रख दे ताज सोशल मीडिया