ग़ज़ल



ग़ज़ल - 1

हम देखते ही रह गये बस ख़्वाब आपके

और ग़ैर सारे हो गये अहबाब आपके

 

बस बेवफ़ाई आपकी अच्छी नहीं लगी

नाज़ो-अदा तो ख़ूब हैं नायाब आपके

 

हम ख़ुशबुओं से आपकी हैं तर-बतर हुए

हमको लुभाते हैं परे-सुर्खाब आपके

 

हम आपकी दो आँखों का तारा न बन सके

सारे मगर रक़ीब हैं महताब आपके

 

हमको डुबो के जान कभी लेंगे ये ज़रूर

गालों पे दिख रहे हैं जो गिर्दाब आपके

 

ये ख़्वाब है या है ये हक़ीक़त बताइए

अरमान दिख रहे ज़रा बेताब आपके

 

जज़्बात से यूँ खेलना है शौक़ आपका

दिल-जान ये हमारे हैं अस्बाब आपके

 

हम आपकी जफ़ा पे भी बस ये दुआ करें

जीवन के सब नज़ारे हों शादाब आपके

 

'बादल' इसी उमीद पर अबतक है जी रहा

इक दिन इधर भी आएँगे आदाब आपके



- मनीष बादल

मनीष बादल की अन्य ग़ज़लें