कविता



अगर साथ दो

ऐ मेघ तुझसे मिल कर

मैंने नदी बनना स्वीकार किया

और उसी पल प्रतीज्ञा ली

निरंतर प्रवाहित रहने की

न ही पलट कर देखने की

शिलाओं से टकराते हुए

निरंतर गतिमान हो

पीड़ाओं से मुक्त

गुनगुनाने हुए

तुम्हारी नेह की

स्नेहसिक्त तरलता

हृदय के गवाक्ष में भर

झंझावातों के इतर

गुनगुनाती हुई बढ़ती रहूं

अगर साथ दो तुम

 

ऐ मेघ तुमसे मिल कर मैंने

प्रकृति होना स्वीकार किया

और उसी पल प्रतीज्ञा ली

निरंतर प्राण वायु प्रवाहित कर

सृष्टि को संरक्षित रखने की

मेरे हृदय की ऊष्मा से वाष्पित

मुझ पर ही समर्पित कर

धरणि का दग्ध वक्ष सिंचित कर

मुस्कराती हुई हरित रहने की

ताप शीत आलिंगित कर

झरझराती हुई हरित रहूं

अगर साथ दो तुम

 

ऐ मेघ तुमसे मिल कर मैंने

आकाश होना स्वीकार किया

ताकि भर सकूं अंक में तुम्हारी

धरा की छोटी बड़ी गतिविधियां

हवा पानी चांद सूरज और बादल

प्रकृति से मांग कर सातों रंग

बुनती रहूं सतरंगी सेतु के इंद्रधनुष

ऐ मेघ तुमसे मिल कर मैंने

जंगल होना स्वीकार किया

प्राण बन स्पंदित रहूं

अगर साथ दो तुम। 



- प्रतिमा पुष्प

प्रतिमा पुष्प की अन्य कविताएँ