कविता



अभ्यर्थना अंतस की! (काव्यानुवाद)

बालपन में प्रश्न मैंने कुछ किए थे आपसे।
उद्भूत हूँ मैं भी प्रभो! तव दया-दृष्टि, प्रताप से।।
हे ईश! जगदाधार, करुणागार बंधन खोलिए।
जीवन-मरण के तत्व और विधान पर कुछ बोलिए।।
निर्दोष मन की चाह उत्कट, जुड़े तव क्रियाकलाप से..
उद्भूत हूँ मैं भी......
उन्मुक्त मन से हूँ मैं प्रस्तुत सुख-दुख की बस अनुभूति को।
प्राची-प्रतीची भावमय हो,पा सकूँ मैं विभूति को।।
अभ्यांतर के भाव प्राँजल, हों कैसे विमुख मिलाप से...
उद्भूत हूँ मैं भी......
वरदान औ अभिशाप दोनों का सतत वंदन करूँ।
तकलीफ़ औ तोहफों का प्रतिपल नाथ अभिनंदन करूँ।।
सार जीवन का मैं समझूँ, जुड़ सकूँ संताप से।।
उद्भूत हूँ मैं भी......
ब्रह्म की वाणी से मेरी चेतना जागृत हुई।
अभ्यर्थना अंतस की हे परमेश! आच्छादित हुई।।
अनवरत जो चुनर कोरी,भीगे विधि वर-शाप से..
उद्भूत हूँ मैं भी......
अनुभूत होंगे प्रचुरता से भाव हर्ष-विषाद के।
प्रेम-ज्वाला जोड़े तुमको सहज अंतर्नाद से।।
वासना की तीव्र लहरें हों शमित संताप से.....
उद्भूत हूँ मैं भी......
होकर पवित्र ऐ आत्मा!सीख तू धारण करेगी।
मेरे ही गुणानुवाद से,क्षेत्र विस्तारित करेगी।।
तादात्म्य स्थापित ही होगा शांति के आलाप से...
उद्भूत हूँ मैं भी......
दूर जाने कितनी दूर से, ज्ञान मैं प्रसरित करूँगा।
धार करुणा की जो निर्मल, सहज ही वितरित करूँगा।।
जीवन-मरण हैं रूप मेरे, जग विदित मम छाप से...
उद्भूत हूँ मैं भी......
बालपन में प्रश्न........

(सरोजनी नायडू की कविता \'द सोल्स प्रेयर\' का काव्यानुवाद)



- डाॅ. शरद श्रीवास्तव *शरद*

डाॅ. शरद श्रीवास्तव *शरद* की अन्य कविताएँ