जग सकल अन्वेष्य पाऊँ,कठिन तुमको जान पाना।
जटिल तुमको जान पाना- जटिल तुमको जान पाना।।
प्रश्न औ प्रतिप्रश्न पर,मधुर तेरा मुस्कुराना।
यत्न शरणागत हुए सब, गांभीर्य को किसने है जाना।।
जटिल तुमको जान पाना.
शून्य से लेकर शिखर तक,है तेरा विस्तीर्ण बाना।
तुम अनूदित तुम अपरिमित,बस तुम्हें अज्ञेय माना।
जटिल तुमको जान पाना.
भेद तेरे खोलने को, कर रहा उपक्रम ज़माना।
व्यर्थ दिखते श्रम औ साधन, अन्त में बस सतह पाना।।
जटिल तुमको जान पाना.
आत्म गौरव के धनी तुम, आत्मदीक्षित तुमको माना।
व्योम का विस्तार तुममें, तुममें वसुधा का खज़ाना।।
जटिल तुमको जान पाना.
तुम स्वतः दिखते परीक्षित,आत्मरक्षित तुमको माना।।
काल की कैसी विसंगति, है कठिन अनुमान पाना।।
जटिल तुमको जान पाना.
यातना,दुख,दर्द,पीड़ा और मानव त्रासदी।
स्वर सकल मुखरित हैं तुममें,तुमने इनको खूब जाना।।
जटिल तुमको जान पाना.
तुम रहे निरपेक्ष साधक,मानवी के तुम आराधक।
शरद की बस चाह उत्कट,गीत तेरे गुनगुनाना।।
जटिल तुमको जान पाना.........
(मैथ्यू अर्नाल्ड की कविता शेक्सपियर का काव्यानुवाद)