गीत



प्रणय गीत

डाँटना फटकारना पर ,
कम न अपना प्यार करना ।

मैं व्यथा का भी हिमालय,
काट दूँगा,झेल लूंगा।
तुम कहो तो अनवरत मैं,
आग से भी खेल लूंगा।
छोड़ना मत किन्तु मुझ पर-
नेह मय अधिकार करना ।

डाँटना फटकारना पर,
कम न करना प्यार करना ।

शूल तो इस पथ प्रणय में ,
ज्ञात है, अनिवार्य होंगे।
प्रेम में जितने गिरेंगे,
अश्रु सब स्वीकार्य होंगे।
जानता हूँ साधना में,
अग्नि पथ को पार करना ।

डाँटना फटकारना पर,
कम न करना,प्यार करना ।

जानता हूँ इस डगर में ,
लब्ध होगी कालिमा भी ।
किन्तु तुमसे ही मिली है ,
पीत मन को लालिमा भी ।
जानता हूँ अब शुभे ! मैं-
पीर का श्रृंगार करना ।

डाँटना फटकारना पर,
कम न करना प्यार करना।



- डॉ अनुराधा पाण्डेय

डॉ अनुराधा पाण्डेय के अन्य गीत