मैं अवांछित हो गया हूँ,ऐंठ कर संसार बैठा ।
रूठना मत तुम नवलिके !
एक ही तो तुम बची हो,
देख जिसको जी रहा हूँ।
सब गरल शापित विगत के,
मग्न मन से पी रहा हूँ।
तुम मिली इस हेतु जग से,जोड़ मैं जड़ तार बैठा ।
रूठना मत तुम नवलिके!
जो प्रलय मैं झेल बैठा,
चाहता वो तुम न झेलो ।
कालिमा भूले न देखो ,
रश्मियों से मात्र खेलो ।
बाध्य हूँ अपने हृदय से,मैं जिसे हूँ हार बैठा ।
रूठना मत तुम नवलिके!
यामिनी भर नित अभागा,
मैं तुम्हें ही हेरता हूँ ।
मौन छत डँसती मुझे नित,
तब तुम्हें मैं टेरता हूँ।
मैं शुभे ! अगणित निशा में,नैन ले रतनार बैठा ।
रूठना मत तुम नवलिके!