गुम सुम वो जो बैठा है दिवाना तो नहीं है
उसका किसी लड़की से फ़साना तो नहीं है
मुझको दिखा के ख़्वाब वो बैठे हैं किनारे
महफ़िल में बुला के भी पिलाना तो नहीं है
लानत सभी भेजेंगे जो तू पी के गया गिर
नासेह ज़माने को उठाना तो नहीं है
पर्दे में छुपाये हुए क्यों रहते हो आख़िर
ये जिस्म है मिट्टी का ख़ज़ाना तो नहीं है
तकदीर से पाये हो ये पुरखों की कमाई
अब ऐश करो तुमको कमाना तो नहीं है
वो दूर से ही हाल है बस पूछता मेरा
दुनिया को दिखाना है पर आना तो नहीं है
होते ही उजाला तेरा चेहरा है गया बुझ
सच सच बता दे और ठिकाना तो नहीं है।