कविता



रचना खुद रचती है कवि को

रचना खुद रचती है कवि को

कवि का भ्रम है वह रचता है,
निज भावों की अभिव्यक्ति को।
रचना खुद रचती है कवि को।।

कई बार लगता है ऐसा,
कलम ही यह अवरुद्ध हो गई।
बहुत चाहता हूँ लिखना पर,
कविता जैसे क्रुद्ध हो गई।।

कभी बढ़ा देती है आकर,
स्वतः लेखनी की वह गति को।
रचना खुद रचती है कवि को।।

बस प्रयास से जो लिखते हैं ,
तुकबन्दी है, शब्द ज्ञान है।
मन तक बात कहाँ जाती है
भले सही सारे विधान है।।

स्वयं अवतरित होती है जो,
वही निखारे हरदम छवि को।
रचना खुद रचती है कवि को।।

अगर बसे साहित्य किसी मे,
होना फिर सम्मान है अच्छा।
मगर स्वयं उसको हो जाना,
नही कभी अभिमान है अच्छा।।

अति का होना कहां भला है,
है सर्वत्र वर्जते अति को।
कविता खुद रचती है कवि को।।

रचनाये चुनाव करती है,
किससे कब क्या है लिखवाना ।
लिखने वाले के सर चढ़ कर
बुनती है फिर ताना बाना ।।

उनकी संवेदना जगा कर,
त्वरित बदल देती है मति को।
रचना खुद रचती है कवि को।।

कालजयी रचनाओं से ही
रचनाकार अमर होता है।
वही ये सम्भव कर पाता है,
ईश हाथ जिस पर होता है।।

कहाँ रोक पाते है बादल,
भला निकलने से उस रवि को।
रचना खुद रचती है कवि को।।

रचना जब आने लगती है,
हृदय में स्पंदन होता है ।
भाव भरे मकरन्द लिए फिर
शब्द शब्द चन्दन होता है।।

उठी \'प्रीत\' की ज्वाला मन मे,
अग्नि स्वयं ले लेती हवि को।
रचना खुद रचती है कवि को।।


संतोष कुमार \'प्रीत



- संतोष कुमार \'प्रीत\'

संतोष कुमार \'प्रीत\' की अन्य कविताएँ