रचनाकार अमर होता है
जैसे सूरज, चाँद, सितारे,
यह धरती, अम्बर होता है।
रचनाकार अमर होता है।।
निराकार जो भाव हृदय के,
शब्दों में साकार करें वो।
संवेदना भरी है जिसमें ,
स्वाभिमान से प्यार करे वो।।
सच लिखने की हिम्मत रखता,
नहीं किसी का डर होता है ।
रचनाकार अमर होता है।।1।।
उनके बाद भी रह जाती है,
उनके रचनाओं की थाती ।
पढ़ने सुनने वालों को जो,
बरबस उनकी याद दिलाती।।
उसकी रचनाओं में अक्सर,
उसका चित्र नज़र होता है।
रचनाकार अमर होता है।।
वह अतीत की याद दिलाए,
और भविष्य शब्दों में गढ़ता।
पल में वह उसका हो जाये,
जो उनकी रचनाएँ पढ़ता।।
'प्रीत' प्रभावी करे लेखनी,
युग पर बड़ा असर होता है।
रचनाकार अमर होता है।।