व्यंग्य



आधुनिक और जटिल रावण

आप लाख बड़े व्यंग्यकार सही लेकिन अगर आपने रावण पर कोई व्यंग्य नहीं लिखा तो फिर आपका व्यंग्यकार होना व्यर्थ है। व्यंग्य का यह गूढ़ ज्ञान मुझे मेरे एक वरिष्ठ व्यंग्यकार ने दशहरे के आस पास दिया था। तब से मैं पिछले दो वर्ष से लगातार रावण पर एक श्रेष्ठ व्यंग्य लिखने के प्रयास में हूँ। वैसे अगर रावण पर कोई काम चलाऊ व्यंग्य लिखना होता तो मैं कब का लिख चुका होता लेकिन रावण कोई लोकल पात्र नहीं बल्कि वह वैदिक और काफी महान पात्र हैं इसलिए इस व्यंग्य की इतिश्री के लिए मैं अनवरत एक स्तरीय रावण की तलाश कर रहा हूँ। इस तलाश अभियान के लिए मैंने अपने कुछ करीबियों को भी इसकी जानकारी दे रखी है ताकि अगर उन्हें किसी भी रामलीला समिति के पास ऐसा कोई योग्य और होनहार रावण दिखाई पड़े तो वे तत्काल मुझे इसकी जानकारी दें। वैसे तो रावण हर रामलीला समिति के पास है और अपनी रामलीला में हर रावण लंका में उन्चास हाथ है अर्थात हर रावण अपने रावणत्व के चरित्र का खरा कलाकार है लेकिन मैं रावण में से भी रावण ढूंढ रहा हूँ।  मुझे रावण के साथ ही उसके रावण होने की शास्त्रीयता भी चाहिए क्योंकि ‘रावण आखिर रावण हैं। जब वह हँसे तो लगे कि वह रावण हँस रहा है और उसकी हँसी को देखने और सुनने के बाद एक सामान्य व्यक्ति का ब्लड प्रेशर भी कुछ देर के लिए ऐबनॉर्मल हो जाए। मुझे ऐसी रामलीला का रावण नहीं चाहिए जिसके हँसने की इम्यूनिटी कमज़ोर या भीतर से क्षतिग्रस्त हो.
इसी तलाश में मैं कुछ बेचारे टाइप के रावणों से भी मिला जो हँसते समय ऐसे हँस रहें थे जैसे पुलिस किसी अपराधी से अपराध कुबुलवाने और उसे मीडिया के सामने पेश करने से पहले खूब अच्छे से ठोक पीटकर यह समझाया हो कि अगर तुमने अपना अपराध नहीं स्वीकारा तो फिर समझ लेना की तर्ज पर वह बेचारा जबरदस्ती मुस्कुराते हुए ना किया हुआ अपराध भी कुबूल लेता है। ऐसे रावण की हँसी में मुझे वही प्रताड़ना और कुपोषण दिखाई पड़ा। एक रावण की हालत तो अन्य रावणों से भी ज्यादा खराब निकली वह जब हँस रहा था तो ऐसे लग रहा था कि जैसे वह कोई अंग्रेजी दवा खाकर हँस रहा हो। इसी तलाश में एक और अजीबो गरीब और काफी रोचक कहानी मुझे एक रावण की सुनने को मिली। दरअसल वह तथाकथित रावण जिस रामलीला समिति में रावण का रोल करता था उसने उसी रामलीला समिती के अध्यक्ष की पत्नी को बिना रामलीला शुरू हुए ही लेकर भाग गया। अब बेचारे अध्यक्ष को क्या पता कि वह जिस रावण का चयन अपनी रामलीला के लिए इतने वर्षो से किए हैं वह रावण इतना आधुनिक निकलेगा कि उन्हीं की पत्नी को लेकर फरार हो जाएगा। इसी घटना से दुःखी होकर उस रामलीला समिति के अध्यक्ष ने अपने अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे दिया और अपनी पत्नी को शहर के हर थाने–थाने जाकर बेचारा पागलों की तरह ऐसे ढूँढ रहा है कि जैसे "भगवान राम ने कभी अपनी पत्नी सीता को ढूँढा होगा।" इसी घटना के डर की वजह से इस बार इस रामलीला समिति का कोई भी व्यक्ति अध्यक्ष बनने को तैयार नही हुआ। उन्हें लगा कि कही उनकी पत्नी भी पुराने अध्यक्ष के पत्नी की तरह रामलीला के किसी कलाकार के साथ कही भाग ना जाए फिर उसका और उसके परिवार का क्या होगा ?  इसलिए इस बार इस समिती ने अपनी रामलीला बिना किसी अध्यक्ष के कराने का निर्णय लिया है।
चूंकि बिना अध्यक्ष के रामलीला का आयोजन तो हो सकता है लेकिन बिना किसी रावण के कोई भी रामलीला नहीं हो सकती और इस बार समस्या संस्था के सामने यह भी थी कि उनकी रामलीला का होनहार रावण अध्यक्ष की ही पत्नी को लेके फरार हो गया था। ऐसे में तुरंत ही कही से रावण को ढूँढना मुमकिन नहीं था। इसलिए सर्वसम्मति से संस्था ने इस बार रावण का रोल प्ले करने के लिए अपने ही शहर के एक चर्चित पहलवान का चयन किया। लेकिन समस्या और संदेह की बात ये थी कि एक तरफ विद्वान रावण और दुसरी तरफ रोल प्ले करने वाला शरीर और बुद्धि दोनो से पैदल पहलवान। अर्थात, उस रामलीला के रावण की बुद्धि का दूर दूर तक कोई ताल मेल नहीं। अगर बहुत गंभीरता से उससे पूछा जाए कि, अक्ल बड़ी या भैंस! तो वह सीधे सीधे भैंस को बड़ी कह देगा। चूंकि रावण बनाने के लिए संस्था ने आपात स्थिति में इस पहलवान का चयन किया था तो थोड़ी बहुत कीमत संस्था को तो चुकानी ही चुकानी थी।  वे पट्ठा रिहर्सल से पहले डेढ़ दर्जन केले और दो लीटर दूध के साथ बादाम खाता पीता तब कहीं जा कर वे अपने रावण होने की प्रेक्टिस शुरु करता।
इतना ही हीं, एक दिन प्रेक्टिस के समय किसी बात को लेकर उसकी कहा सुनी संस्था में हनुमान जी का रोल प्ले करने वाले व्यक्ति से हो गई और उसने "आव देखा ना ताव" सीधे हनुमान जी को उठाकर उसने ऐसा पटका कि क्या उस तरह दारा सिंह ने अंतरराष्ट्रीय पहलवान किंग कांग को पटका होगा! दुसरे दिन बेचारे हनुमान जी ने हनुमान का रोल प्ले करने से इंकार कर दिया। किसी तरह बहुत समझाने बुझाने पे वे आने को तैयार भी हुए तो रावण अगर पूरब की तरफ प्रेक्टिस करते तो बेचारे हनुमान जी पश्चिम की तरफ मुंह करके प्रैक्टिस करते वह भी बीच–बीच में अपने घुटने पर आयोडेक्स मलने के बाद। इस बार लोगो की मंशा बस किसी तरह अपने एतिहासिक रामलीला की नाक बचा लेने की थी। भले ही इसके बदले रामलीला के किसी कलाकार की नाक इस पहलवान रूपी रावण के हाथों सुपनखा से भी ज्यादा डैमेज हो जाती।



- रंगनाथ द्विवेदी

रंगनाथ द्विवेदी के अन्य व्यंग्य