विश्व बाज़ार है, आज़ कहते सभी,
अब सुना कि जमीं आसमाँ बिक गया।
दूब बिकने लगी, नीम बिकने लगा,
यूँ लगा बाग का बाग़वाँ बिक गया।
जिसको अनमोल सा मानते थे सभी,
क्या पता था भरोसा बिकेगा कभी,
बिक गईं पोथियाँ, लेखनी बिक गई,
संग उनके यहाँ हर कथा बिक गई,
जो पराये थे अपने कहाने लगे,
देखते-देखते कारवाँ बिक गया ।
यूँ लगा बाग का बाग़वाँ.…
एक ज़माना था तृण भर न गर्दन झुकी,
कोई क़ीमत लगी, थी टिकी की टिकी,
रखे अंगार पर पाँव हँसते हुए ,
पर हमारी कभी ना दिशाएँ बिकीं,
रीति की डोर पर हम सधे रह गए ,
साज़िशें थीं बड़ी, आशियाँ बिक गया।
यूँ लगा बाग का बाग़वाँ.…
है ज़रूरी बड़ा यह कि व्यापार हो,
संग रिश्तों के कोई न खिलवाड़ हो,
आरती में सजे हो सभी उपकरण,
आस्था भी हमारी न लाचार हो,
मोल है वस्तु का, भावना का नहीं,
कोई कह न सके, नातवाँ बिक गया ।
यूँ लगा बाग का बाग़वाँ.…