कविता



आ करें नव सृजन फिर से

आ करें नव सृजन फिर से

 

मन के आंगन में खिले है,

शब्द के कुछ सुमन फिर से।

आ करें नव सृजन फिर से।।

 

दे गई है रात देखो,

सुबह की सौगात सुंदर।

हो रही स्वर्णिम किरण की,

धरा पर बरसात सुंदर।।

 

प्रकृति की अद्भुत छटा है,

खिल उठा है चमन फिर से।

आ करें नव सृजन फिर से।।

 

कह रहे भौरे सुमन से,

और कलरव आम जन से।

एक ही जीवन है जी लो,

जो करो वह पूर्ण मन से।।

 

कह रही धरती विहँस कर,

कह रहा यह गगन फिर से।

आ करें नव सृजन फिर से।।

 

बह रही है जिंदगी यह,

जिस तरह बहती नदी है।

एक क्षण रुकता नही है,

समय की अपनी गति है।।

 

'प्रीत' जीवन को सवांरे,

करे चिंतन मनन फिर से।

आ करें नव सृजन फिर से।।



- संतोष कुमार 'प्रीत'

संतोष कुमार 'प्रीत' की अन्य कविताएँ