राष्ट्रकवि रामधारी सिंह 'दिनकर' द्वारा रचित कालजयी महाकाव्य 'रश्मिरथी' केवल महाभारत के एक महानायक 'कर्ण' के जीवन की गाथा नहीं है, बल्कि वह भारतीय समाज के अंतर्विरोधों, कुप्रथाओं और मानवीय गरिमा के संघर्ष का एक जीवंत दस्तावेज है। साहित्य जब इतिहास या मिथक की केंचुल छोड़कर समकालीन युग की धड़कन बन जाता है, तब वह कालजयी विधा का रूप ले लेता है। रश्मिरथी (जिसका अर्थ है- सूर्य की किरण रूपी रथ पर सवार) में जिस युगीन परिवेश और सामाजिक विसंगतियों को रेखांकित किया गया है, वे केवल द्वापर युग या दिनकर जी के काल (1952) तक सीमित नहीं थी। आज इक्कीसवीं सदी के तीसरे दशक में भी जब हम अपने चारों ओर देखते हैं, तो यह यक्ष प्रश्न उठ खड़ा होता है: क्या रश्मिरथी के समय की सामाजिक व्यवस्था आज बदल चुकी है, या हम आज भी उसी पुरातन मानसिकता के बंधक हैं?इस आलेख के माध्यम से हम तीन कालखण्डो प्रथम रश्मिरथी के कालखंड (महाभारत कालीन सामाजिक संरचना), दूसरा दिनकर जी के युग और तीसरा आज के आधुनिक भारत की सामाजिक, राजनीतिक तथा सांस्कृतिक व्यवस्थाओं का एक तुलनात्मक और सूक्ष्म आंकलन करना अतिआवश्यक है l
रश्मिरथी में चित्रित सामाजिक व्यवस्था का आधार ही कर्ण के इर्द-गिर्द घूमता है, जो अत्यंत प्रतिभावान होने के बावजूद जीवनभर केवल इसलिए तिरस्कृत और अपमानित होता रहा क्योंकि समाज उसे 'सूत-पुत्र' मानता था। उस समय की सामाजिक व्यवस्था में जन्म आधारित श्रेष्ठता, व्यक्ति की पहचान, उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा और उसके अधिकार इस बात से तय होती थी कि उसने किस कुल या गोत्र में जन्म लिया है। योग्यता को कुल के पीछे धकेल दिया जाता था। शस्त्र और शास्त्र पर एकाधिकार किसका हो यह पूर्व निर्धारित होता था l शिक्षा और राजपाट पर केवल क्षत्रियों और ब्राह्मणों का एकाधिकार था। सूत, सारथी या अन्य श्रमजीवी वर्गों को ज्ञान और सत्ता से दूर रखा जाता था। महाभारत काल में जब कर्ण अर्जुन को चुनौती देने रंगशाला में उतरता है, तो कृपाचार्य उसकी कला या शौर्य को देखने के बजाय सबसे पहले उसका 'जाति-प्रमाणपत्र' माँगते हैं:"
अर्जुन से लड़ना हो तो मत गहो सभा में मौन,
नाम-धाम कुछ कहो, बताओ कि तुम जाति हो कौन?
तब कृपाचार्य को कर्ण वीरता से उत्तर देता है --
'जाति! हाय री जाति !' कर्ण का हृदय क्षोभ से डोला,
कुपित सूर्य की ओर देख वह वीर क्रोध से बोला
'जाति-जाति रटते, जिनकी पूँजी केवल पाखंड ,
मैं क्या जानूँ जाति ? जाति हैं ये मेरे भुजदंड।
अगर हम समाजशास्त्र की दृष्टि से जाति एवं वर्ण व्यवस्था को याद करें इसके कई रूप मिलते हैं जिसमे सबसे व्यवहारिक यही है कि जिसके द्वारा सम्पूर्ण मानव समाज की भागीदारी समान रूप से हो कोई कर्म उच्च या कोई नीच नहीं हो l समाज में एक व्यक्ति किसी एक कार्य को कुशलता से कर सकता है वह कार्य शिक्षा प्रदान करना हो या व्यापार हो या कि शारीरिक श्रम l इस प्रकार जीवन के अन्य कार्यों के लिए मनुष्य एक दूसरे पर निर्भर था इसमें कोई छोटा या कोई बड़ा कैसे हो सकता है l धीरे -धीरे समाज के विशेष वर्ग ने इस कर्म आधारित प्रणाली को विकृत कर जातियों में बाँट अपना स्वार्थ साधने हेतु व्यस्था को अपने हाथ में ले छूत और अछूत जैसी अमानवीयता को समाज पर थोपते चले गये l
आधुनिक भारत में सकारात्मक और संरचनात्मक बदलाव --यदि हम आज के भारत की तुलना रश्मिरथी के काल से करें, तो वैधानिक, कानूनी और संरचनात्मक स्तर पर बहुत बड़े और युगांतकारी परिवर्तन आए हैं। आधुनिक भारत अब संविधान से चलता है। संवैधानिक और कानूनी समानता भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार), अनुच्छेद 15 (धर्म, मूलवंश, जाति, लिंग या जन्मस्थान के आधार पर विभेद का प्रतिषेध) और अनुच्छेद 17 (अस्पृश्यता का अंत) सीधे तौर पर रश्मिरथी काल की व्यवस्था पर कुठाराघात करते हैं। आज कानून की नजर में एक राजा और रंक, एक ब्राह्मण और एक दलित बिल्कुल समान हैं। महाभारत काल में जो द्रोणाचार्य कर्ण को सूत-पुत्र कहकर और एकलव्य को भील मानकर शिक्षा से वंचित कर देते थे, आज की लोकतांत्रिक व्यवस्था में असंभव है। बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रयासों से समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को शिक्षा और सरकारी नौकरियों में आरक्षण मिला। आज देश के सर्वोच्च पदों (राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री) पर समाज के सबसे अंतिम पायदान से आने वाले लोग आसीन हो रहे हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि सत्ता अब केवल 'राजपुत्रों' की बपौती नहीं रही। प्रतिभा का वैश्विक मंच युग डिजिटल और तकनीकी युग है। आज एक सुदूर गाँव का युवा अपनी प्रतिभा के बल पर यूट्यूब, खेल, कला या सिविल सर्विसेज की परीक्षाओं में शीर्ष स्थान प्राप्त कर सकता है। आज योग्यता को सिद्ध करने के लिए किसी 'परशुराम' से झूठ बोलने या 'कृपाचार्य' के आगे गिड़गिड़ाने की आवश्यकता नहीं है।
इसके बाद भी हम यह नहीं कह सकते कि नई बोतलों में पुरानी शराब नहीं है l सकारात्मक बदलावों के इस विशाल ढाँचे के नीचे जब हम समाज के अंतःकरण को टटोलते हैं, तो पाते हैं कि रश्मिरथी की आत्मा आज भी हमारे बीच छटपटा रही है। स्वरूप जरूर बदला है, लेकिन रूढ़ियाँ और पूर्वाग्रह आज भी जीवित हैं।
जातिवाद का आधुनिक और राजनीतिक स्वरूप ---द्वापर युग में जाति का उपयोग रंगशाला में किसी को रोकने के लिए होता था, आज जाति का उपयोग 'मतपेटियों' को भरने के लिए होता है।चुनाव में टिकट वितरण से लेकर मंत्रिमंडल के गठन तक, सब कुछ जातिगत समीकरणों को देखकर तय किया जाता है।आज भी अखबारों के वैवाहिक विज्ञापनों में 'जाति बंधन' की अनिवार्यता साफ देखी जा सकती है। अंतरजातीय विवाह करने पर आज भी देश के कई हिस्सों में युवाओं को 'ऑनर किलिंग'i का शिकार होना पड़ता है। यह कर्ण के सामाजिक बहिष्कार का ही आधुनिक और क्रूरतम रूप है।दिनकर जी ने कर्ण के माध्यम से जिस वंशवाद पर प्रहार किया था, वह आज कॉर्पोरेट, बॉलीवुड, खेल और राजनीति में नए रूप में मौजूद है।एक राजनेता का बेटा बिना किसी जमीनी संघर्ष के सीधे नेता बन जाता है, और एक अभिनेता की संतान को बिना किसी ऑडिशन के मुख्य भूमिका मिल जाती है।दूसरी ओर, एक आम और साधनहीन परिवार का 'कर्ण' (प्रतिभावान युवा) डिग्रियां हाथ में लेकर दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। आज भी 'सिफारिश' और 'रसूख' योग्यता को मात दे देते हैं।
आर्थिक विषमता की नई खाई ---रश्मिरथी में कर्ण कहता है:
"महल पूजते हैं धन को, जन-बल को, अभिमानों को,
वे क्या जानें इन भूखे, नंगे, असहाय इंसानों को?
जिनकी साँसें गिरवी हैं, सत्ता के झूठे वादों में,
जिनके सपने टूट रहे हैं, वैभव के ऊँचे प्रासादों में।
इतिहास उन्हीं का गाता है, जो पीड़ा को पहचान सके,
मानवता के आँसू पोंछें, भूखे का भी सम्मान रखे।
आज देश में जातिगत भेदभाव के साथ-साथ एक गहरी आर्थिक खाई पैदा हो गई है। एक तरफ गगनचुंबी इमारतें हैं, तो दूसरी तरफ उनके नीचे दम तोड़ती झुग्गी-झोपड़ियाँ। धन बल के दम पर आज भी रसूखदार लोग कानून को अपनी जेब में रखने का दुस्साहस करते हैं, जबकि एक गरीब न्याय के लिए कचहरियों के चक्कर काटते-काटते बूढ़ा हो जाता हैl स्त्रियों और वंचितों के प्रति संवेदनशीलता आज भी जब किसी हाथरस या निर्भया जैसी घटना या किसी निर्बल के शोषण की घटना दिखती है तो रश्मिरथी की ये पंक्तियाँ वर्तमान समाज के गाल पर तमाचा मारती प्रतीत होती हैं:"पिसता है मनुज जहाँ, वहाँ उपजाता कौन विभव है?
पुण्यभूमि भारत में ही यह कैसा घोर गजब है?"
दिनकर की प्रासंगिकता और समाधान का मार्ग ---दिनकर जी ने रश्मिरथी में केवल विसंगतियाँ नहीं दिखाईं, बल्कि उन्होंने कर्ण के चरित्र के माध्यम से एक आदर्श मनुष्य का खाका भी खींचा। कर्ण कहता है कि मेरा गोत्र मेरी भुजाएँ हैं, मेरा शौर्य ही मेरा परिचय है:"शौर्य ही तो वीर का कुल और गोत्र होता है,जिसके पास यह धन है, वह जग में सबसे बड़ा योद्धा होता है।"आधुनिक समाज को यदि रश्मिरथी की इन विसंगतियों से पूरी तरह मुक्त होना है, तो हमें तीन स्तरों पर काम करना होगा मानसिक वैचारिक क्रांति: केवल कानून बदल देने से समाज नहीं बदलता। जब तक समाज का मानसिक ढांचा नहीं बदलेगा, तब तक जातिवाद और भेदभाव का अंत नहीं होगा। शिक्षा को केवल 'नौकरी पाने का जरिया' न बनाकर 'संस्कार और संवेदनशीलता' का माध्यम बनाना होगा l हर क्षेत्र में प्रतिभा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। चाहे वह खेल हो, राजनीति हो या उद्योग। वंश, सिफारिश और धनबल के आधार पर मिलने वाले अवसरों को हतोत्साहित करना अनिवार्य है।वंचितों को मुख्यधारा में लाना समाज के अंतिम व्यक्ति तक संसाधनों और सम्मान की समान पहुँच होनी चाहिए, ताकि किसी भी 'एकलव्य' को अपना अंगूठा न काटना पड़े और किसी भी 'कर्ण' को अपनी पहचान छिपानी न पड़े।
संक्षेप में कहें तो, रश्मिरथी के समय की सामाजिक व्यवस्था और आज के समाज में आक