चिरई
मत आना घर मेरे
नहीं नसीब होगा
फैलाव अंबर सा
दो बूँद पानी, चार दाने
बिछौना दूध-भात का
अलबत्ता नज़र आयेंगे
जलते हुए शरीर
चिंगारियों के छींटे
अट्ठाहास में डूबी हुई
संस्कृति को जलाकर
राख कर देने वाली लौ
जहाँ नष्ट हो जायेंगे
तुम्हारे अपने आँसू भी
भाप बनकर
दफ़न हो जायेंगे अरमान
ईंट व कंक्रीट के जंगल में बसे
जानवरों तर
बिल्ली मौसी
तुम भी मत आना
जब हम हुए नही माँ के
दरिंदे हो जाते हैं बहन के प्रति
चबा जाते हैं कच्चे, बाप जैसे रिश्ते को
क्या यक़ीन कि होंगे तुम्हारे
तुम्हें तो और भी डरना होगा
हम सबों से
कि ईजाद हो गयी है
तकनीक
तुम्हारी आँत से कैसे बचाये जा सकते हैं हम
वैसे भी संकट के बादल
मँडराने लगे हैं तुम्हारी प्रजातियों पर
कि हम अपने आगे किसी को जीने नहीं देते
जानवर, इंसान
सभी के लिए बंद हैं दरवाज़े हमारे
नही पड़ते झूले
कि पेड़ व कहकहे की दर-कार हो
तभी तो काट लिए हरे-भरे जंगल
स्वत: ही मार दिए जायेंगे जानवर, पक्षी भी
हम तैरना भी भूल गये
तभी तो पाट दिये जा रहे
नदी-नाल, द्वार के गड़हे भी
लतेर भी ज़रूरी नहीं पीटने के लिए गुड़ुई
कि ताला लगा देना चाहते हैं
हवा पर, पानी पर
कि सर्वत्र अधिकार हो हमारा
कोयल
मत गाना मधुर गीत
कि सोहाता नहीं हमें मधुरतम स्वर
हम आदी हो गये हैं कौवों के काँव-काँव के
कौवों का कालापन जँचने लगा है हमें
कनेर, रातरानी
मत खिलना मेरे आँगन
मेरे देवता भी अब दौड़ने लगे हैं
व्हॉट्सएप और फ़ेसबुक पर
कि उन्हें महसूस नही होता
तुम्हारी सुगंध
ऐसा हम मानते हैं
इसीलिए तो नहीं चढ़ाते उन्हें फूल
माई, हे माई
मत सुनाओ रे लोरी
हमको पसंद नहीं ई सब सुनना
हम बदलते समाज के टट्टू हो गये हैं
जहाँ ई सबको जगह नहीं
जहाँ इंसान बदल गया है
कलपुर्जों युक्त मशीन में।