स्वभाव त्याग का सदैव प्रेम की उपासिका।
प्रमोद छोड़ के चुनी कठोर मार्ग साधिका।
लिया कृपाण हाथ में बढ़ी कभी रुकी नहीं।
चली अगम्य राह पे डटी रही झुकी नहीं।
सुशील सुंदरी सशक्त ग्रन्थकार सृष्टि की।
बसंत सावनी घटा विनीत बूँद वृष्टि की।
नहीं अशक्त क्षीण है बुरा न भाव पालती।
करे न क्रोध वो परन्तु दुर्गुणों को काटती।
जया पिनाकधारिणी महाबला महोदरी।
अनेकशस्त्रधारिणी सती चिता जलोदरी।
उमा कृष्णा अयोनिजा निशुम्भ शुम्भ मर्दनी ।
प्रवाह गंग पावनी अधर्म पाप नाशिनी।
फुले उषा सरोजनी भगीरथी सुता लड़ी।
उतार घाट मौत के भगी नहीं रही अड़ी।
लता सुचेत इंदिरा कित्तूर कांति दामिनी।
कठोर कर्म साधना सदा किया सुहासिनी।
किया अराति का विनाश पाल ध्वंश कामना।
मिटा दिया कृपाण ले बुरे विचार भावना।
न छेड़ शेरनी सुनो न डाल हाथ आग में।
लिया कृपाण कालिका रुकी कभी न मार्ग में।
सुनो कुकर्म पापियों करो न चाह मृत्यु की।
अभीष्ट हो रहूँ सुखी करो विचार कृत्य की।
उठा लिया कृपाण तो समूल पाप काटती।
अधर्म शीश काट- काट मुंड माल धारती।
सदैव कर्म का प्रकाश सर्व विश्व व्याप्त हो।
करूँ महेश प्रार्थना उजास कांति प्राप्त हो।
करें सदैव साधना सुकर्म ज्योति दीप हो।
रहे न द्वेष भावना उदारता समीप हो।