छंद



कुण्डलिया

1
भोले पुत्र गणेश हैं,, काटें क्लेश विकार।
इनके कान विशाल हैं, सुनते करुण पुकार।।
सुनते करुण पुकार, निरोग रहे मन, काया।
रहे न कोई दीन, खूब बरसे घर माया।
रोली चंदन थाल, सदा मन जय जय बोले।
गौरी इनकी मातु, पिता हैं शंकर भोले।

2
प्यारी सूरत श्याम की, नैना ललित विशाल।
मोर मुकुट है शीश पर, नटखट हैं गोपाल।।
नटखट हैं गोपाल, दही की मटकी फोड़ें।
कहें अगर मख चोर, पकड़ के हाथ मरोड़ें।
कंचन भाव विभोर, कृष्ण की लीला न्यारी।
मधुर बाँसुरी तान, लगे कानों को प्यारी।।

3
चंद्र खिलौना चाहिए, शीतल श्वेत ललाम।
दूध भात खाएं नहीं, हठ कर बैठे श्याम।।
हठ कर बैठे श्याम, सौम्य आनन लटकावें।
लेकर नीर परात, यशोदा चाँद दिखावें।
नजर न लागे लाल, लगावत भाल डिठौना।
  देख–देख हर्षात,  कान्हा चंद्र खिलौना।

4
सुंदर लगती वाटिका, खिले हुए हैं फूल।
भूमि सौम्य मोहक लगे, शीतल मिट्टी–धूल।।
शीतल मिट्टी धूल, नहीं अब ताप सतावे।
है चहुं ओर उमंग, गीत कोयलिया गावे।
नाचे वन में मोर, और ये भालू कुंजर।
सावन पावन माह, बहुत ही लगता सुंदर।

5
भगवा, हरा, सफेद ये, सद्गुण के सब अंग।
संबोधक हैं देश के, ये तीनों ही रंग।।
ये तीनों ही रंग, बहुत कुछ हमें सिखाते।
कहते करो विकास, राह सच का दिखलाते।
मन में हो न विषाद, खुशी को कर लो अगवा।
सुखद करो परिवेश, रंग कहता यह भगवा।।

6
सुंदर सुखद विचार हो,  जीवन हो अनमोल।
भाव मधुर मन नैन हो, जी लो अंतस खोल।।
जी लो अंतस खोल, मिले जीवन न दुबारा।
रह जाता बस कर्म, जीत लो यह जग सारा।
माया का बाजार, दिखावे पहले मुंदर।
फ़ँसे मनुज पछताय, देख के ठगनी सुंदर।

7
मूरत हैं आदर्श के, सुख बरसे अविराम।
सुखद अयोध्या त्याग कर, वन–वन भटके राम।
वन–वन भटके राम, सत्य पथ कभी न हारे।
क्रोध कपट या द्वेष, न आया मन के द्वारे।
शबरी के उर धाम,बसे रघुवर की सूरत।
खाए जूठे बेर, नम्रता के प्रभु मूरत।

8
गाथा अमर जवान की, तिलक सुशोभित धूल।
शीश झुका कर्त्तव्य पथ, करते अर्पित फूल।।
करते अर्पित फूल, भाल ज्यों चमके चंदन।
आँधी या तूफान, करें वह अरि का मर्दन।
तोड़ें गढ़ आतंक, कभी ठनके यदि माथा।
गाते मिल हम साथ, सदा वीरों की गाथा।



- कंचनलता चतुर्वेदी

कंचनलता चतुर्वेदी के अन्य छंद