घर जला कर तुम अमन की बात मत करना।
काट वृक्षों को चमन की बात मत करना।
सामने तुम देखकर मुख फेर लेते हो,
हो न आदर तो नमन की बात मत करना।
दीप जलता कह रहा है हार मत मानो,
तुम विफल होकर पतन की बात मत करना।
दुःख सुख में तुम बराबर साथ चलते हो,
हूँ सफल तो फिर जलन की बात मत करना।
आज प्रेमी प्रेमिकाओं के जमाने हैं,
माँ पिता भाई बहन की बात मत करना।
नीर मथ नवनीत मिलता है नहीं कंचन,
लक्ष्य सम्मुख तो शयन की बात मत करना।