जीवन के धागे सुलझाता ,
फिर बुनता ताना-बाना ।
इतनी सुंदर चुनरी लेकर ,
किसके घर तुझको जाना ।।
जन्म मरण के बंधन तेरे ,
सीख अभी कटते कैसे ,
भ्रमित हुआ तो फिर रोएगा ,
जैसे सब रोते वैसे ,
धूप कभी छाया बन जाती ,
सुख-दुःख कहता दीवाना ।
बोझ उठाए फिर कर्मों का ,
किसके घर तुझको जाना ।।...1
किससे अपना रूप छिपाता ,
इस जग में तू घूम रहा ,
जड़ को चेतन ,चेतन को जड़ ,
मान अहम से झूम रहा ,
ज्योतिपुंज की किरण पड़ी फिर ,
उर में स्पंदन आना ।
जो है सगुण वही निर्गुण जब ,
किसके घर तुझको जाना ।।...2
पश्चिम की नग्नता समेटे ,
आज जहां पहुंची दुनिया ,
तरुनाई के स्वप्न देखकर ,
डर जाती मन की मुनिया ,
पंख सिकोड़े उर में बैठी ,
अंदर ही गाती गाना ।
अंतहीन है स्वप्निल दुनियां ,
किसके घर तुझको जाना ।।...3
दर्पण देख लजाता खुद ही ,
जैसे कोई पी हाला ,
अपनों से मिलने का अवसर ,
लगता है आने वाला ,
कोमल भाव ध्यान में हरि के ,
\"कंचन\" उर गाए गाना ।
हर्षित देख पूछता है जग ,
किसके घर तुझको जाना ।।...4
कंचन सिंह परिहार