यदा-कदा मेरे कमरे में आ जाते थे बाबूजी।
बात-बात में बड़ी बात बतला जाते थे बाबूजी।
बड़े सख़्त थे, कहाँ कभी वे दिखलाते थे कोमलता,
यदि क्रोध करते तो उनके नयनों में सूरज जलता।
पलता था पर प्रेम भी उनके मन के अदृश कोने में
जो आता था काम एकांत में उनकी पलक भिगोने में ।
कभी प्रेम उमड़ा तो उसे छुपा जाते थे बाबूजी ।
बात-बात में बड़ी बात बतला जाते थे बाबूजी ।
कानूनगो, पटवारी, अमीन, जमीन की पैमाइश।
राशन कार्ड पाने को कैसे पूरी की थी फरमाइश।
अंचल, तहसील, राजस्व-अदालत का कैसा निष्फल चक्कर!
रोज, रात को वही कथा कहते थे जब आते थे घर।
जर-जमीन की जटिल बिसात बिछा जाते थे बाबूजी।
बात-बात में बड़ी बात बतला जाते थे बाबूजी।
क्षणिक आवेश से वशीभूत हो भैया ने जब घर छोड़ा,
बिखरे रिश्ते के तारों को बाबू जी ने फिर जोड़ा ।
भोजन, वस्त्र और घर की उलझन में उलझे ही रहते थे
लेकिन अपनी व्यथा कथा वे कहाँ किसी से कहते थे!
अपने दिल में सारे दर्द दबा जाते थे बाबूजी।
बात-बात में बड़ी बात बतला जाते थे बाबूजी।
आजीवन उनका ही एक प्रतिरूप बना जीऊंगा मैं।
वही सूर्य होंगे मेरे और धूप बना
जीऊंगा मैं।
निखरा हूँ मैं संघर्षों की ज्वाला में जो अब तपकर,
बाबूजी का व्यक्तित्व ही उभरा है मेरे अंदर ।
समय-समय पर सही राह दिखला जाते थे बाबूजी।
बात-बात में बड़ी बात बतला जाते थे बाबूजी।
अब तो यदा-कदा सपने में आ जाते हैं बाबूजी।
बड़े प्यार से मेरा सिर सहला जाते हैं बाबूजी।