ग़ज़ल



झूठे लोगों से टकराना . . .

झूठे  लोगों से टकराना मुश्किल है

अब तो सच को सच कह पाना मुश्किल है

 

पहुँच गए हम यूँ तो मंगल तक लेकिन

मंगल पर घर-बार बसाना मुश्किल है

 

तेज़ हवा मुझसे कहती है, क्या है तू

मुझसे पर्वत का टकराना मुश्किल है

 

अब अपनी मर्ज़ी के मालिक हैं बच्चे

अब तो बच्चों को समझाना मुश्किल है

 

शे'र भले ही कोई भी कह लेता हो

शे'र को लेकिन शे'र बनाना मुश्किल है

 

सबको ख़ुश करना है टेढ़ी खीर बड़ी

सबके दिल में घर कर पाना मुश्किल है

 

पैसा हो तो "प्रेम", मिलेगी इज्ज़त भी

अच्छाई से चीज़ ये पाना मुश्किल है



- पंडित प्रेम बरेलवी

पंडित प्रेम बरेलवी की अन्य ग़ज़लें