कहानी



' मन के वन ' कहानी

कहानी ‘मन के वन ‘

 

बिजली जोरों  से कड़क रही है। घुप्प अँधेरा है। बारिश हो रही है। बारिश इतनी ज्यादा हो रही है कि घर के सामने की राह पानी से भर चुकी है। ऐसी बारिश में यशोदा नंगे पाँव सर पर बरसाती ओढ़े तेज तेज कदमों से चली आ रही है। नयनसी अभी सोयी नहीं है। वह यशोदा की प्रतीक्षा में रजाई में दुबकी लेटी हुई है। ठंड इतनी प्रचंड की जैसे कह रही हम ही होंगे। हवा बर्फ सी ठंडी चल रही है। हाड़ को गला देने वाली भयानक ठंड है। बिजली के चमकने से बार बार रोशनी खिड़की से छन कर कमरे में आ रही है। नयनसी डर कर खिड़कियाँ बंद कर लेती है।

ठक… ठक… ठक…

तीन बार दरवाजे पर आवाज….

नयनसी को याद आया -

“सुनो नयनसी! हम तीन बार कुंडी जब खटकाएँ तो दरवाजा न खोलना कभी बिटिया। सोच लेना कोई खतरा है, डर है, कोई दुश्मन है।“

“यशोदा चाची तुम लौट जाओ। आज मामा-मामी गाँव से आये हैं। हम आराम से सो रहे हैं। आप भी अपने घर में सो जाओ जाकर।“

इतना कहकर डर से पसीना पसीना नयनसी रजाई से बाहर सर निकालने की हिम्मत नहीं कर पा रही, जैसे सिर निकालते ही सिर को कोई का देगा खचक से। तीन बार फिर दरवाजा खटका…

“नयनसी! आपने बिटिया दरवाजा खोला नहीं।”- यशोदा व्याकुलता से बोली।

“कहा ना यशोदा चाची। मामा-मामी हैं। बिस्तर तो आप जानती ही हैं दो ही हैं। इतनी ठंड में आपको सर्दी लग जायेगी। इसलिए आप अपने घर में ही जाकर के सो जाओ।“

दस बरस की बच्ची डर को अपने अंतस में समेट कर निडरता का अभिनय करने में खरी उतरी। अभी चार दिन पहले किसी ने आँगन में पत्थर फेंका। नयनसी उस रात यशोदा से ऐसे चिपक कर सोयी कि बीच में हवा के भी आने की गुंजाईश नहीं रही।

रात किसी दुःस्वप्न सी डर में बीती। सुबह बिना पलक झपकाए हुई। सुबह भी बिस्तर छोड़ने का साहस बच्ची के बदन में नहीं था।

खट… खट…. की आवाज से नयनसी जागी।

बहुत हिम्मत से खिड़की खोलकर देखा यशोदा चाची खड़ी थी सामने। घर में यशोदा के अतिरिक्त अन्य गृह सेवक भी थे। एक बर्तन धोने और घर की साफ-सफाई के लिए,  दूसरा नौकर खेती बाड़ी देखने के लिए,  तीसरा घर का सामान लाने के लिए, चौथी यशोदा जो घर की रसोई बनाती थी।

कहने को यशोदा बस गृहकार्य करने वाली सेविका थीं। पर उस घर में यशोदा का बहुत सम्मान था। यशोदा भी इतनी स्वामिभक्त कि  जान भले चली जाए पर मालिक की बिटिया और उनके घर को कोई आँच न आए। वह रात को नयनसी के साथ सोती थी। जबसे उस घर पर इतनी बड़ी गाज गिरी। नयनसी ने खिड़की से देखा यशोदा अकेले थीं। उसने डर के साथ दरवाजा खोला और यशोदा के अन्दर आते ही तुरंत बन्द कर लिया।

 

“रात क्या हुआ था यशोदा चाची? कोई दुश्मन था? खतरा था क्या?”

“हाँ बिटिया! मुँह पर मफलर बांद रखा था, पहचान में नहीं आ रहे थे। मैंने  जैसे रस्ता पार किया मेरे माथे पर बन्दूक रख कर बोले दरवाजा खुलवाओ तभी तो तीन बार हमने ठक… ठक… ठक.. की आवाज की तुमको आगाह करने के लिए। तुम डरना नहीं बड़ी बिटिया जब तक हम जिन्दा हैं तब तक कोई तुम्हारा बाल बांका नहीं कर सकता। कल रात नर्सरी भी काट डाली जड़ समेत उन्ही लोगों ने बिटिया। न जाने उन सुंदर सुंदर पेड़ पौधों ने क्या बिगाड़ा था उनका। भगवान उन राक्षसों को कभी माफ नहीं करेगा।“

“यशोदा चाची! क्या हम सबको पापा की बन्दूक से मार डालें?” नयनसी डर और क्रोध के मिले जुले लहजे से बोली।

“अरे नहीं बिटिया। ऐसा खयाल कभी दिल में न लाना। सब अपने कर्मों की सजा भुगतेंगे। फूल सी मासूम दस बरस की बच्ची के मन पर यह जुल्म ढाकर चैन से तो नहीं रह पायेंगे वे लोग। फिर पुलिस केस तो चल ही रहा है बिटिया।“

“यशोदा चाची! मम्मी घर कब आयेंगी?” नयनसी ने पूछा।

“बिटिया मम्मी बहुत बीमार हैं। डाक्टर की देखभाल में हैं। तुम्हारा भाई-बहन कोई आने वाला था, पर तुम्हारे पिता के इस दुनिया से जाने के बाद दुल्हिन ने खाना ही नहीं खाया सदमें में महिनों। कब बालक की साँस अन्दर ही उखड़ गई जान ही नहीं मिला। मम्मी के सारे बदन में जहर फैल गया है। बिटिया ईश्वर से प्रार्थना करो कि मम्मी जल्दी से ठीक होकर घर आ जायें आप लोगों के भाग्य की बदौलत।“

नयनसी खड़की और दरवाजों की दरार से घर के रास्ते की ओर देखा करती। समय बीत रहा था। नौकरों और एक-दो रिश्तेदारों के बीच नयनसी बड़ी हो रही थी। अब तो एक मामा-मामी भी उसके साथ आकर रहने लगे थे। नयनसी यशोदा के ही आँचल से चिपकी रहती, हर वक्त । इस बेदर्द दुनिया में वही एक जगह थी जहाँ उसको कोई डर नहीं लगता था।

सुन है यशोदा एकबार शहर से गाँव अपने जेठ जेठानी के पास आयी थी उनसे मिलने। यशोदा की जेठानी बड़ी बखरी में काम करती थी। यशोदा भी उनके साथ जाती आती रहती। यशोदा ममत्व की बहती एक नदी थी। यशोदा का अपना कोई बच्चा नहीं था। यशोदा नयनसी की दादी से बैठकर खूब बतियाया करती। दादी भी यशोदा को कुछ ही दिनों में बहुत स्नेह करने लगीं थी। नयनसी के पिता उन दिनों बस छह बरस के थे। यशोदा नयनसी के पिता के वात्सल्य में ऐसी बंधी कि फिर कभी शहर गई ही नहीं। नयनसी की दादी और बाबा ने उसे खेत का एक टुकड़ा,  रहने को दो कमरों का मिट्टी का घर और अपने घर में काम भी दे दिया था।

जीवन अपने प्रवाह में बह रहा था। नयनसी की दादी अक्सर बीमार रहती थी। नयनसी के पिता को नहलाना, खाना खिलाना, स्कूल ले जाना, खेलना कूदना, सुबह से लेकर सभी कुछ ध्यान रखना यशोदा की ही जिम्मेदारी थी। नयनसी की दादी को कोई असाध्य बीमारी हो गई थी। तमाम दवा ईलाज के बावजूद भी उन्हें  बचाया नहीं जा सका। एक दिन वो अपने बालक का हाथ यशोदा के हाथ में थमा कर हमेशा के लिए चली गईं । यशोदा के पति भी बहुत भले इंसान थे। उन दोनो ने नयनसी के पिता को बहुत ही प्यार से पाल पोसकर बड़ा किया था। नयनसी के बाबा ने दादी के जाने के बाद अपनी दुनिया बहुत सीमित कर दी थी। उन्होंने अपना जीवन अपने बेटे को ही समर्पित कर दिया था। कहते हैं अथाह जमीन जायदाद, सम्पत्ति, रुतबा सब तो था उस घर में। बहुत लोगों ने अपनी बेटी का विवाह नयनसी के बाबा से करना चाहा। नयनसी के बाबा हर विवाह को यह कहकर मना कर देते थे कि “जिया चाहे जाए पर लागी नाही छूटे” हँस कर कहते अरे उसके चले जाने से प्रेम डोर टूट थोड़ी न जायेगी। अब यह प्रेम डोर तो तभी टूटेगी जब मैं जाऊंगा इस संसार से।“

नयनसी की माँ जब दुल्हिन बन कर घर आयी तो घर फिर से चहक उठा। हँसी खुशी रौनके, बरामदे, कमरे, दालानों और द्वार से झाँकने लगी। फिर से घर महक उठा था। नयनसी अतीत के पल में ठहरी हुई देख रही है आँगन में हर तरह के पौधे हैं। नर्सरी का काम है, माँ को बागवानी का बहुत शौक है। घर तो वह सोते में भी सजाती है। लाल और सफेद फूलों के कंगूरें की झालर बुनती रहती हैं कुरोसिया से। हर चौखट और कमरों के द्वार पर झांलर सजाती। खूब घर सजाती, घर के मुंडेर पर अंगूरों की बेलें लटकती। बड़े बड़े से दो आँगन में चौतरफा मनी प्लांट की बेलें बहुत सलीके से फैली रहती। शाम की चाय की इलायची पूरे घर में महकती, माँ खूब प्यार से चाय बनाती। यशोदा प्याज और कटहल की पकौड़ी बनाती। सभी को आवाज लगाई जाती। घर में काम करने वाले सभी लोग और मां पापा, बाबा सभी एक साथ चाय पीते। माँ खेती पर फसलों पर बातें करती। नर्सरी में कितनी तरह के फूलों के पौधे लगाये गये और किन किन पौधों में फूल आ गये। कौन से फल किस वृक्ष पर लगें हैं इन दिनों माँ यही सब बतकही करती। पर सुख जैसे कोई हवा का झोका था, आया और चला गया। खुशी कितनी नाजुक चीज है, नजरा जाती है, कुँभला जाती है, बुरी निगाहों के देखने भर से।

जीतेंगे हाँ, जीतेंगे… भईया जी ही जीतेंगे…

बाहर से आवाजें आ रही थीं।

“कितना शोर है बाहर यशोदा चाची। खिड़कियां बन्द कर दीजिये।“

“अरे बिटिया इलेक्शन का समय चल रहा है परचार, परसार सभी पार्टी में खूब हो रहा है। पर देखना जीतेंगे तो अपने ही बाबू।“

रोज ही इलेक्शन के नारे, प्रचार प्रसार की भीड़, नयनसी की माँ को असहज करती तो वह खिड़की बन्द कर अपने द्वार को सजाने के लिए कुरोसिया से लाल और सफेद फूलों की झालर बुनने लगती। लाल फूलों से झालर लहकने लगी थी। सफेद कंगूरों की कढ़ाई से और भी सुंदर हो गई थी। जैसे जैसे झालर बढ़ रही थी। वैसे वैसे ही गाँव का प्रचार प्रसार बढ़ता जा रहा था। आँगन की नीम भी इस साल लहलहा उठी थी। बुल बुल और गौरैया ने अपने घोंसले खूब बना रखे थे।

“डाल पर घोंसला लटकाकर डरती नहीं यह माँ?”  नयनसी ने डर के साथ पूछा।

“नहीं बेटा माँ साथ हो तो बच्चों को क्या डर! माँ खूब सारे खर पतवारों को बटकर बहुत मजबूती से अपना घोसला बनाती है।“

“अच्छा माँ तब ठीक है। माँ कभी बच्चों का घोसला गिरने नहीं देगी। हैं न माँ?”

“ हाँ बेटा! कभी नहीं।“

माँ के ऐसा समझाने पर नयनसी आश्वस्त होकर सो गई।

सुबह के चार बजे थे। गाँव की जिंदगी शहर से बहुत अलग होती है। वहाँ लोग जल्दी सोते हैं और जल्दी उठते हैं। उस सुबह गाँव में एक अलग सा विस्मय चारों ओर सबकी आँखों में दिख रहा था। सभी को उत्सुकता थी यह जानने की कि कौन जीतेगा। दिन किसी तरह से काटे नहीं कट रहा था। शाम को खूब तेज आँधी चल रही थी। नयनसी माँ की गोद में दुबक गई।

“दुल्हिन आम के बिरवा पर जो नीड़ था, गिर गया। देखो चल कर लगता है कि बच्चे मर गए।“

 काटो तो खून नहीं नयनसी को। “माँ क्या छोड़ कर चली गई थी बच्चों को यशोदा चाची?”

“अरे नहीं पगली! मय्या कभी छोड़ के जाती है अपने बच्चों को? आँधी बहुत धुरंधर थी। डाल टूट गई तभी गिर गया। जिस सुबह डाल से घोंसला गिरा।“

 उसी शाम इलेक्शन का परिणाम आया। यशोदा दौड़ते हुए बाहर से आ रही है। उसकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं है। द्वार से ही जोरों से चिल्ला रही है -“अरे दुल्हिन बैठी काहे को हो आँगन में आओ हमारे बाबू जीत गए।“

चाची यह जीत गए यह तो कितनी खुशी की खबर है। घर द्वार दालान सब सजाने में जुटी यशोदा चाची कभी दुल्हिन का माथा चूम लेती  तो कभी नयनसी को सीने से लगा लेती तो कभी घर की बलईयाँ उतार लेती। चारों तरफ खुशी ही खुशी है। पिता बेटे की बलईयाँ लेते और दुल्हिन का गुणगान गाते नहीं अघा रहे थे। कह रहे थे दुल्हिन और नयनसी कितनी भाग्यशाली है।

नियति बलवती होती है यह सुना था। नियति का लिखा कभी टलता नहीं- यह भी बड़ो से सुना था, पर एक पल में अपना सारा संसार बदल जाये यह पहली बार नयनसी देख रही थी। शरबत के गिलास, चंदन, इत्र और रूहआफजा मिले, खोया में शक्कर मिला मीठा, बेसन की पकौड़ियाँ, आलू और दाल की कचौड़ियां, रवा का हलवा, रसोई से लगातार परोसा जा रहा। बरोठा बैठक दालान सभी जगह बधाई देने वालों का ताता लगा हुआ है। मथुरा से नाना नानी, इलाहाबाद से बुआ फूफा, सभी रिश्तेदार और अपने आ रहे हैं। नियति उत्सव को उदासी में बदलने का खेल खेलने जा रही है इस पल में अभी इस बात से सभी अंजान हैं। मम्मी ने नारंगी साड़ी पहन रखी है। वह किसी फिल्मी नायिका सी लग रही है। हाँ याद आया किस नायिका सी लग रही हैं। चूड़ी खनकेगी… बिंदिया चमकेगी… तेरी नींद उड़े तो उड़ जाये… इस गाने की बिल्कुल रूपसी नायिका जैसी माँ।

आज लग रही है। आधी रात के बाद खुशियाँ लुटाकर जश्न मनाकर लोग चले गये। घर पर सिर्फ मामा-मामी, नाना-नानी, बुआ-फूफा रह गये हैं।

सुबह…

“दुल्हिन! दु-दु-दुल्हिन! नयनसी कहाँ है?”

“यशोदा चाची वह हमारे कमरे में है। कल अपने पापा से देर रात बतियाती रही। बाप बेटी की शेर शेरनी राजा रानी, जंगल और परियों की कहानियाँ चलती रही। एक तो आधी रात तक उत्सव उसके बाप बेटी की एक के बाद एक कहानियाँ। मैं तो सो गई थी। वह देर से सोयी थी तो अभी सो रही होगी।“

“दुल्हिन भईया जी कहाँ हैं?”

“यशोदा चाची कुछ लोग उनसे मिलने आये थे तो वह सुबह उठकर चौपाल चले गये थे।“

“दुल्हिन नयनसी कहीं नहीं मिल रही है। न आपके कमरे में, न भईया जी के साथ। हमने पूरा घर छान मारा, नयनसी कहीं नहीं मिली।“

“बगीचा में देखा चाची?”

हाँ! वहाँ भी देखा। घर द्वार कमरा, दालान, बैठक खेत खलिहान, स्कूल सखी सहेली, मैं हर कहीं नयनसी को देख आई। नयनसी कहीं नहीं  मिली। सभी गृहकार्य करने वाले घण्टों से नयनसी को ढूँढ रहे लेकिन नयनसी कहीं नहीं मिल रही। नयनसी की माँ पागलो सी रोये जा रही है लगातार।

पूरा दिन विक्षिप्त सी पड़ी हैं -“भईया दुल्हिन आप कहीं से भी लाओ लेकिन नयनसी को ढूंढ कर लाओ, आखिर हमारी नयनसी कहाँ गई।“

थाना, पुलिस, नेता सब जुटकर भी नयनसी को नहीं खोज सके। एक पूरा दिन बीत गया।

 “ए जी ढूँढ़ो न कहाँ है हमारी नयनसी। आपका तो रौब चलता है पुलिस थाना महकमा, गाँव जवार में। आपसे तो सभी कितना प्रेम करते है। एक पूरा दिन बीत गया अपनी बिटिया के बिना। हम जी नहीं पा रहे। दूँ ढों हमारी नयनसी को। आप तो कुछ भी कर सकते है फिर हमारी बिटिया आप क्यों नहीं ला रहे ढूँढकर ।“

“गौरी वो हमारी भी बेटी है। हमारे दिल का टुकड़ा हमारी जिंदगी है। हम दीन दुनिया एक कर देंगे। विश्वास रखो हम पर। बहुत जल्दी हमारी बच्ची हमारे पास होगी।“

रात आँगन में खन से कोई पोटली गिरी। यशोदा आँगन की बत्तियाँ बुझाकर दुल्हिन के पास ही जा रही थी तब तक पोटली देखी। पोटली खोलकर देखा तो उसमें नयनसी की चेन, लाकेट और एक चिट्ठी कोई फेंक कर गया था। नयनसी के पिता रणविजय ने चिट्ठी खोली। गौरी नयनसी की माँ थर थर काँप रही थी। ककाँपती आवाज से गौरी बोली,  “क्या लिखा है?”

चिट्ठी में लिखा था “तुम्हारी बेटी की अंतिम रात है यह। कहा था चुनाव मत लड़ो। नहीं  माने न तुम। अगर बेटी से प्यार हो तो नहर के किनारे की सब जमीन हमारे नाम कर दो बिना पुलिस को यह चिट्ठी दिखाए। वरना हमारा क्या, हम तो पाँच वर्ष जेल काट कर आ ही रहे। अगले दस बरस और जेल काट लेंगे तुम्हारी बेटी का खून करके।“

रणविजय सुन्न, गौरी बेहोश, यशोदा भी जैसे जीते जी अधमरी। भैया जी किसी ने घर में घुसकर हमारी बिटिया को उठा लिया। हम कुछ नहीं कर पाए। कोई उसके लाकेट चेन फेककर चिट्ठी में उसे मारने की धमकी दे रहा। हम कुछ नहीं कर पा रहे। यशोदा तिलमिला उठी। कहो उनसे भैया जी हम कर देंगे खेती उनके नाम। हमारी नयनसी को हमें दे दे।

“आखिर कौन लोग है वो जो आपके दुश्मन हैं। हमें बताते क्यों नहीं ?” गौरी तेज आवाज में बोली।

अवतार सिंह…

पाँच पुश्तों से ब्लाक प्रमुखी वही जीत रहा। उसने होली मिलन समारोह में हमसे ये कहा था कि मत खड़े होइए हमारे खिलाफ।

“फिर आप क्यों खड़े हुए…? जब वो इतने नीच और गिरे लोग हैं। इस राजनीति के चक्कर में हमारी फूल सी बच्ची न जाने क्या झेल रही होगी। आप पुलिस को कुछ नहीं बताएंगे। आप कर दीजिए खेती उनके नाम। हमें हमारी बच्ची चाहिए बस, हम बताए दे रहे आपसे।“- गौरी बिलखकर बोली।

“लाखन ओ लाखन… गैया के लिए बरसीम है क्या? भूख से बिलबिला रही। पेट से है। हसिया दराती लेकर आओ लाखन तो वरसीम खेत से कटवाकर लाये हम। चलो लाखन साथ चलो हसिया दराती लेकर। तुम ही लादकर ले आना सर पर। गैया को चूना, चोकर, बरसीम मिलाकर खाने को दे देना। गैया गाभिन है। उसका भूखो रहना सही नहीं।“

यशोदा ने हाथ में हँसिया ली। लाखन को साथ लिया और खेत पहुंच गयी। बरसीम कटवाकर लाखन के हाथ भिजवा दी। कटहल काटकर लाना है घर यह कहकर हसिया स्वंय रख ली।

जाड़े में पूरा शरीर पसीने से भीगा हुआ था। मन उबल रहा था। बार बार कलेजे में नयनसी की याद की हूक उठ रही थी। यशोदा खेत से सीधा अवता र के निवास पर पहुँची। गाँवों में कहीं कहीं आज भी घूँघट होता है। चेहरे पर घूँघट डाला। करतार के घर में प्रवेश कर गयी। दद्वार पर बैठे लोगो ने समझा महरिन या महराजिन होगी। यशोदा फुर्ती से घर के अंदर घुसी। घर में दो स्त्रियाँ थी। एक अवतार सिंह की पत्नी दूसरी उसकी माँ। एक बच्चा पालने में झूल रहा था। नवजात था। मुश्किल से तीन या चार माह का होगा। यशोदा ने झपट कर बालक को झूले से उठा लिया। बालक को कोई चोट न लगे यह ध्यान रखते हुए उसकी गर्दन के पास दराती तान दी। हाहाकार मच गया।

अवतार सिंह के चेले चपाटे और अवतार सिंह खुद रिवाल्वर तानकर यशोदा पर खड़े हो गये।

“मैं मार दूंगी इस बालक को अगर को एक कदम भी आगे बढ़ा। अगर तुम में से किसी ने एक गोली भी चलाई तो बालक की गर्दन पर जो दराती है, उस दराती से सर अलग कर दूंगी बालक का। हमको हमारी नयनसी चाहिए। पाँच मिनट के अंदर हमारी नयनसी अगर भैया जी के घर नहीं पहुँची तो हम खत्म कर देंगे तुम्हारे भी घर का दीपक।“

“रुको.. रू…रू…रू… को… बालक को कोई खरोंच तक न आये।“

“वाह रे वाह अपने बच्चे पर आई तो छाती फटने लगी। हमारी फूल सी बिटिया हमें कल से नहीं दिखी। हमें पता भी नहीं किस हालत में है। हम इंसान नहीं क्या… सिर्फ दो मिनट बचे है करतार सिर्फ दो मिनट।“

“ये औरत क्या कह रही ? तुमने बच्ची का अपहरण किया।“ करतार की माँ बौखलाकर चीखी करतार पर। कहाँ है बच्ची करतार बोलता क्यों नहीं। भेज उस बच्ची को उसके घर वर्ना मैं अभी पुलिस बुलाऊँगी।

“शांत रहो अम्मा! तुम हमारे कामों में मत कूदो“नयनसी को भेज रहा तू या कर दूँ खत्म इस दूधमुहे को।“ यशोदा चीखी।

“भेज रहा। अभी तुरंत भेज रहा।“

शीशे की मेज पर लैंडलाइन फोन रखा हुआ है। करतान फोन मिलाता है।

“सुनो शुभम! भूसे की कोठरी का ताला खोलकर नयनसी को रणविजय के घर छोड़ आओ।“

भूसे की कोठरी… हमारी नयनसी दो दिन से भूसे की कोठरी में। कहीं उसके साथ कुछ गलत तो नहीं …

“भूसे की कोठरी में मेरी नयनसी। दिल तो करता है तुझे जान से मार दूँ । पर तेरी पत्नी का मासूम चेहरा और दूधमुंहे बच्चे की कलक मुझे एसा नहीं करने दे रही।“

आधा घंटा में फोन की घंटी घनघनाती है। उधर से रणविजय की आवाज… “मैं तुझे नहीं छोड़ूँगा करतार।“

“लो बुढ़िया से बात कर लो”

यशोदा बच्चा, हासियाँ, फोन सब संभालते हुए… “हाँ भैया जी हमारी नयनसी पहुँची घर? हमें आवाज सुनाइए।“

“यशोदा चाची वो बोल पाने की स्थिति में नहीं है। वह घर पहुँच गई है। पुलिस ने करतार का घर चारो तरफ से घेर रखा है। मैं भी आ रहा हूँ। आप बिल्कुल नहीं डरिएगा।“

“अब कोई फिक्र नहीं भैया जी। अब फिक्र ये सुअर करे।“

“चल करतार, बच्ची का अपहरण करता है। धमकी देता है जान से मार देने की। दस साल की मासूम बच्ची को अंधेरी भूसे की कोठरी में बंद करता है। सिंहासन पाने का इतना लोभ तुझे कि तू जानवर बन गया।“ दरोगा ने कहा।

“अरे जानवर कहकर जनवरों की कौम को शर्मशार मत करो। यह तो राक्षस है राक्षस।“ रणविजय चीखा।

पुलिस करतार और उसके चेले चपाटो को गिरफ्तार कर लेती है। यशोदा को पुलिस रणविजय की जीप में बैठाती है।

“हमारी नयनसी सुरक्षित और सही तो है न भैया जी।“

“हाँ यशोदा चाची! वो सुरक्षित है पर सही नहीं है। सदमे में है। यशोदा चाची हम आपका ऋण कैसे उतारेंगे!”

“अरे न भैया जी, इसमें कैसा ऋण। हम कहने को आपके घर में काम करने वाली यशोदा है पर हम आज भी उसी एक पल में जीते है जब आपकी माँ ने कहा था कि हम सबसे अटूट भरोसा आप पर करते है यशोदा।“

“हमारे बच्चे का सदा खयाल रखना।“

“आप हमारे बच्चे है भैया जी और वो हमारा घर।“

रणविजय दोनो हाथ जोड़कर सर झुका देता यशोदा के चरणों में। यशोदा स्नेह से रणविजय के आँसू पोछकर झटक देती और कहती अब मन सही करिये भैया जी दुल्हिन और नयनसी के पास चलिए जल्दी। राह देख रही होगी।

रास्ते में रणविजय कहते है। “हमारी माँ कैसी थी यशोदा चाची?”

“क्या रौबदार व्यक्तित्व था ठकुराइन का। हृदय में प्रेम की नदी झलझलाती थी। न किसी को अभाव में देख पाती थी न दुख में। सभी की मदद करने को हर पल खड़ी रहती। हम जब आये इस गाँव में तो क्या नहीं किया हमारे लिए। अनाज के लिए जमीन दी। रहने के लिए घर और काम। हम थे तो नौकर ही न भैया जी पर कभी ठकुराइन ने महसूस नहीं होने दिया।“

“हम सदा ऋणी रहेंगे यशोदा चाची आप के। आप हमारी बच्ची के लिए जान से खेल गयी। रणविजय ने कहा।“

“अरे हम दराती से सिर काट डालते अगर हमारी नयनसी न मिलती।“ यशोदा ममत्व से बोली।

जीप दरवाजे पर रुकी। गौरी द्वार की ड्योढ़ी पर आई और यशोदा के पाँव छूकर रोते हुए गले से लग गई। हमेशा सभी अनुभूतियाँ शब्दों में नहीं कही जा सकती। कभी-कभी एक गहरा मौन, पनीली आँखें और उन आँखों में तिरता आदर, शब्दों से भी ज्यादा व्यक्त कर जाता है। एसी ही अनुभूति गौरी और रणविजय की आँखों में थी यशोदा चाची के लिए।

इस हृदय विदारक घटना के बाद नयनसी बहुत डरी सहमी रहने लगी थी। अंधेरे और बंद जगहों पर उसे दौरे पड़ने लगे थे। डाक्टर और मनोचिकित्सकों ने अपने तमाम प्रयास के बाद नयनसी की मनोदशा थोड़ी सहज तो कर दी थी पर पहले सी नहीं कर पा रहें थे।

गौरी को एक बात सदैव मन मस्तिष्क में खटकती कि आखिर घर के अंदर एक बड़ा द्वार, दो आँगन, आँगन में जाती गैलरी और आखिरी छोर में हमारा कमरा किसी की इतनी हिम्मत कैसे हो सकती है मेरी नयनसी को उठाकर ले जाने की। नयनसी के बालमन से ज्यादा सवाल करने से भी डरती कि कही बिटिया के जख्म और ज्यादा न गहरा जाये।

यशोदा, रणविजय, गौरी, बाबा सभी मिलकर अथाह प्रायास कर रहे थे कि नयनसी इस डर और अवसाद से बाहर निकले।

सभी नयनसी पर खूब लाड़ लड़ाते। गौरी यशोदा से अक्सर बात करती कि चाची आखिर वहाँ तक कैसे कोई पहुँच गया जहाँ हमारी बेटी सोई हुई थी।

यशोदा और गौरी इसी तहकीकात में लगी रहती। नयनसी से बस एक बार पूछा कि बेटा उस दिन कौन आपको कमरे और घर से बाहर ले गया था। पुलिस और परिवार के सामने नयनसी ने बताया उस रोज कि उसका चेहरा काले कपड़ो से ढ़का था। आँखें दिख रही थीं केवल उसकी। नयनसी ने डरते डरते बताया कि उस अपहरणकर्ता ने उसके मुंह पर एक कपड़ा डाल दिया और फिर उसे भूसे की कोठरी में होश आया। इसके बीच का उसे कुछ याद नहीं। उस भूसे की कोठरी में चूहे थे, छिपकलियां थी, अनेक कीड़े मकोड़े अंधेरे में उसके शरीर पर रेंगते थे। जिनसे डर कर वह अपनी आँखें मींच लेती थी।

“नयनसी आँख बंद करके बहुत तेज से चीखी, माँ-माँ मेरी फ्रॉक में चूहा है, छिपकली है। निकालो माँ वरना काट लेगा मुझे।“ माँ ने नयनसी को सीने से लगा लिया। दुलारने लगी।

“मत याद करो कुछ भी अब बेटा। बुरा स्वप्न समझकर सब भूल जाओ।“ नयनसी मां के सीने से लगी लगी सो गयी।

गौरी अब हर पल साये की तरह अपनी बेटी के साथ रहती। उसे एक पल को भी अकेला न छोड़ती। जिस दिन की यह घटना है, उसी रात डायनिंग टेबल पर पूरा परिवार बैठकर खाना खा रहा था। अचानक लाइट चली गयी। गौरी ने कैन्डिल जलाई। कैन्डिल डाइनिंग टेबल के बीचोबीच रखी थी। नयनसी बाईं तरफ की कुर्सी पर पापा के साथ बैठी थी। चाचा-चाची नयनसी के बिल्कुल सामने वाली कुर्सी पर बैठे थे।

 

जैसे ही कैन्डिल जली,  नयनसी एकदम से चीख पड़ी।

“माँ… माँ… माँ…”

“क्या हुआ मेरे बच्चे।“

“माँ यहाँ से चलिए। कमरे में चलिए।“

गौरी नयनसी को लेकर कमरे में चली आई। पीछे पीछे नयनसी के पिता और यशोदा चाची भी आ गये। गौरी की गोद से रणविजय ने बच्ची को लेकर अपनी गोद में ले लिया और सीने से लगा लिया।

“किस बात से आप डर गयी नयनसी? मैं तो आप के पास बैठा था बेटे।“ रणविजय ने कहा।

“प…प… पापा… वो चाचा जी की आँखें माँ ने जैसे ही रोशनी की वैसे ही हमें चाचा जी की आँखें दिख गयी।उन आँखों को देखते ही पापा मेरी चीख निकल गयी।“

रणविजय गहरी सोच में पड़ गया। उसने फौरन पुलिस के पास फोन मिलाया। कुछ आपस में बातचीत हुई। पुलिस ने रणविजय से फौरन थाने में आने को कहा। रणविजय ने नयनसी को गौरी की गोद में बिठाकर कहा, अभी मैं आता हूँ।

पुलिस इनफार्मेशन के बाद रणविजय बिल्कुल आवाक। एसा भी हो सकता है वह कभी सोच भी नहीं सकता था। वो एसी कड़ी सजा देगा इस पाप की कि अपराधी की रूह काँप जाएगी।

घर को चारो तरफ से पुलिस ने घेर रखा है। अज्ञात भय ने नयनसी के दिल में जगह बना ली है। उसे लगता है वो जैसे ही सोयेगी कोई उसे उठा ले जायेगा, किसी को दे देगा और वह फिर उसे अंधेरे बंद कमरे में छिपकलियों और चूहों के बीच डाल देगा। उस बच्ची की आत्मा और शरीर दोनो ही सिहर उठते। तमाम काउन्सलिंग, इलाज और प्यार के बाद भी नयनसी को नींद आना बंद हो चुकी थी। वह जिस मनोदशा से जूझ रही है, लड़ रही है, जी रही है, उसे हर हृदय नहीं समझ सकता। घबराहट, हड़बड़ी, अनिंद्रा, डर बेचैनी, दौरे, बेहोशी, इन सभी हालातों से वह मासूम सी बच्ची जूझ रही।

तेज पुलिस की आवाजे उसके कानों तक आ रही।

“दिग्विजय सिंह आप पुलिस की हिरासत में है चारो तरफ से। भागने की भूल कर भी कोशिश न करना वरना पुलिस गोली चला देगी।“

दिग्विजय सिंह को पुलिस अपनी हिरासत में लेती है। पुलिस की मार से वह स्वीकारता है कि नयनसी के अपहरण में वह शामिल था। उसी ने कमरे से उठाकर द्वार पर दुश्मनों के हाथों में नयनसी को दिया था। अपनो से मिला विश्वासघात मन को तोड़ देता है। इस घटना के बाद कुछ यही टूटन रणविजय, रणविजय के पिता और गौरी के अंदर थी।

इस संसार में कुछ जीवन अपने भाग्य में सिर्फ संघर्ष ही लिखा कर लाते हैं। अभी मन और जीवन रणविजय के परिवार का सामान्य भी नहीं हो पाया था कि नियति जीवन का एक नया और दुखद पन्ना खोलने को आतुर खड़ी थी।

कई दिनों बाद रणविजय अपनी जीप निकालकर गाँव के बाजार की ओर जाने लगता है। बाबा नयनसी से बाहर जाकर थोड़ा घूम आने को कहते है।

“चलो नयनसी आपको सुगन्ध वाला पेन चाहिए था न। आपको बाजार से आपकी पसंद का सुगन्ध वाला पेन दिला दूँगा।“ इतना कहकर रणविजय बेटी को गोद में उठाकर जीप में बैठा लेता है। बाजार पहुँचकर जीप दुकान के किनारे खड़ी करके रणविजय बिटिया से अपना मनपसंद पेन खुद की पसंद से लाने के लिए कहते है। नयनसी जीप से उतरकर जैसे ही पेन पेन्सिल की दुकान पर पहुँचती है, एक बहुत तेज कानों को बहरा कर देने वाला विस्पोट होता है। बाजार में अफरा तफरी मच जाती है। नयनसी सामने देखती है…

 

धुआँ ही धुआँ, आग की लपटे, पिता की जीप धू धू करके जल रही है। पापा… पापा… पापा… नयनसी चिल्लाती फिर रही। धूल, गर्दा, गुबार, बारूद, भगदड़ अफरा तफरी मची है। कुछ दुकानें बेतरतीब, कुछ उजड़ी, कुछ समेटी जा रही है। भय और जल्दबाजी में कुछ अपना सामान बांध रहे कुछ का छूटा जा रहा। नयनसी बेहोश होकर गिर गयी। पुलिस एम्बुलेंस, घर परिवार, नौकर चाकर, यशोदा चाची, बाबा भागते चले आ रहे बाजार की ओर।

एंम्बुलेंस से रणविजय को अस्पताल ले जाया जा रहा। जीप का निरीक्षण पुलिस कर रही।

अस्पताल में रणविजय को मृत घोषित कर दिया गया।

हत्या की गयी थी रणविजय की। जीप में किसी ने बम रखा था। नयनसी यशोदा की गोद में। उसकी नब्ज डूबती जा रही।

“जागो नयनसी… उठो बच्चे, बहुत मुश्किल समय है। अपने ही दुश्मन हो गये है। कमजोर नहीं पड़ना है बेटे।“

पास में एक स रकारी नल लगा है। यशोदा नयनसी को छाती से चिपकाए नल के निकट जाती है। साड़ी का आँचल भिगोकर नयनसी के मुँह पर निछोड़ती है। उसका मुँह खोलकर पानी डालती है। नयनसी को होश आता है। होश आते ही वह पूछती है- “पापा कहाँ है यशोदा चाची?”

“पापा अस्पताल में है मेरी नयना। सुनो मेरी नयना मैं जानती हूँ आप बहुत छोटी हैं, अभी बच्ची है। परन्तु आप मेरा साथ देगी न? आपको मजबूत बनना है। बहुत मजबूत ।समय सभी की परीक्षा लेता है। हमारी भी ले रहा है मेरी गुड़िया। घर चलो माँ के पास।“

पुलिस कुछ पूछताछ करना चाह रही नयनसी से पर यशोदा कहती है अभी नहीं बाद में करना। पुलिस अपनी जीप में बिठाकर नयनसी और यशोदा को घर तक छोड़ती है। घर के चारो तरफ भीड़ ही भीड़। एक बहुत बड़ा समुदाय जन सैलाब रोड, रास्ता, घर हर कहीं दिख रहा। घर के अंदर माँ पीली साड़ी में खंबे से पीठ टिकाए बरामदे में बैठी है पिता के इंतजार में –

पापा कहाँ नयना … साथ गये थे आपके। आप के साथ नयना यशोदा चाची कैसे? यह नयना को क्या हुआ है क्या हुआ चाची मेरे बच्चे को यह। पापा कहाँ है नयना के। साथ क्यों नहीं आये नयना के। कोई बताता क्यों नहीं कहाँ है वो

“दुल्हिन हिम्मत से काम लो। भैया जी अस्पताल में है। दादा उनके साथ हैं। उनकी जीप में किसी ने बम रख दिया था। कुछ चोट आई है उन्हे इसलिए उन्हे अस्पताल ले जाया गया है। आप घबराओ नहीं बेटा हिम्मत धरो। भैया जी आ ही रहे होंगे।“

बम…ब… बम… चाची… किसने रखा… गौरी पगलाई सी विलाप कर रही।

 कुछ समय बाद बढ़ता जन सैलाब द्वार पर, वो दृश्य, वो भीड़, वो बड़ी सी लाल बस नयनसी के पिता को लिटाकर उतार रहे लोग। चारो तरफ रुदन ही रुदन। लौह सी मजबूद मन वाली गौरी दहाड़े मार मार कर होशो हवाश खो रही। सभी बारी बारी से आकर नयनसी के पिता का मुँह देखते और चरण स्पर्श करते भीगी आँखो से।

विधाता भी फूट फूट कर रोया होगा उस दिन। दरका होगा पीड़ा में उस रोज उसका भी कलेजा। गौरी का राजरानियों सा व्यक्तित्व छीज गया। खो गयी गौरी उस दिन।

पागलों सी गौरी विक्षिप्त से रणविजय के पिता सब देख रहे। पुलिस छान बीन पूछताछ कर रही। गंगा ले चलने की तैयारी करो, गौरी के भाई किसी से यह बात कह रहे। घर के ऊपरी मंजिल के जीने पर खड़ी नयनसी समझ रही है कि पिता अब कभी नहीं आयेंगे। आज पिता की गौरांग काया गंगा को समर्पित कर दी जाएगी।

पिता को ले जायेंगे बाबा मामा। गौरी पति के बिछोह में तड़प रही, चीख रही चिल्ला रही। रह रह कर पति की याद और हूक में दरवाजे की ओर भागती। महीनों वो निर्जीव लाश सी घर के कमरे में बिलखती रही। यशोदा चाची कहती बिटिया थोड़ा सा अन्न खा लो। आपके अंदर एक नया जीवन पल रहा है वह भी भूखा होगा आपके साथ। फकक फकक कर वो यशोदा के गले लग रोने लगी। रोते रोते वो एक दिन एसी बेहोश हुई कि होश ही नहीं आया। नयनसी के मामा मामी, बाबा अस्पताल लेकर भागे गौरी को। एडमिट करवाया तब डाक्टर ने बताया कि उनके अंदर जो नन्हा सा जीव पल रहा था वो कब का नहीं रहा। उनके पूरे शरीर में जहर फैल चुका है। बचने की कम ही आशा है।

नयनसी के बाबा का मस्तिष्क अब काम नहीं करता। दो मिनट पहले हुई बात भूल जाते है। कुछ याद नहीं रहता। आज नयनसी के मामा ने उनको भी किसी वैद्य को दिखाया। वैद्य ने दिमाक को ताकत देने वाली दवाइयाँ लिखी है और यह भी बताया कि संतान को खो देने के कारण यह दिमागी हालात हुए है। यह दिमागी दशा धीरे धीरे सही भी हो सकती है और बढ़ भी सकती है। नयनसी के बाबा बेहद जतन कर रहे है संभलने के। दवाइयाँ खा रहे। डाक्टर की हर बात मान रहे। उन्हे गौरी की चिंता खाये जा रही। वो रातों में चिल्ला पड़ते है- अरे मेरे बेटे को मत गंगा के हवाले करो या फिर मुझे भी डूबकर मर जाने दो अपने लाल के साथ। उनके चिल्लाने से नयनसी जाग उठती है। भागकर उनके सीने से लग जाती है।

“बाबा हमारे लिए ठीक हो जाओ। हमारी माँ को सही कराकर जल्दी से अस्पताल से ले आओ” इतना कहकर नयनसी रो उठी। रणविजय के पिता का रणविजय की बेटी की आँखो में आँसू देखकर समग्र वजूद थर्रा गया। वह नयनसी की आँखों में आँसू नहीं देख सकते। वह नयनसी से वादा करते है माँ को अस्पताल से स्वस्थ कराकर घर लाने का।

“यशोदा… यशोदा…”

“हां दादा…” यशोदा भागती हुई आती है।

“कल हम दुल्हिन के अस्पताल जा रहे हैं। जब तक वो सही नहीं हो जाती, हम वही रहेंगे। तुम नयनसी का ध्यान रखना। दादा आप जाओ। हिम्मत बांधों। सब संभालना है। आप नयना की कोई चिंता न करना। हम और रघू नयना को एक पल को भी अपने से दूर नहीं रखेंगे। हम नयना पर कोई आंच नहीं आने देंगे।“

 रघू यशोदा के पति का नाम था, जो कि हर पल परिवार का साथ दे रहे थे।

“दादा अभी अभी थाने से फोन आया था। आपको बुलाया गया है वहाँ।“

“हां यशोदा! मालूम है हमें हमारे भैया जी की जीप में बम रखने वाला पकड़ लिया गया।“

“कौन है वो दादा जिसने भैया जी की जीप में बम रखा था।“

“दिग्विजय का बेटा है यशोदा!”

नयनसी के बाबा के अंदर कोई तूफान चल रहा था। आयी थी। आँखों में सुनामी उतर आया। रणविजय के पिता का बहुत सम्मान था समाज में। लोग उनका हृदय से आदर करते थे। जैसे ही वो थाने पहुँचे सभी ने उनका अभिवादन किया और बैठने को कहा। उन्होने कहा “बैठेंगे बाद में। पहले हम यह देखना चाहते है कि करीब से उन लोगो को, जिन्होने हमारे बच्चे की हत्या की।“

एस.एस.पी. स्वंय रणविजय के पिता जी को लाकअप के अंदर ले गये। लाकअप में घुसते ही सामने अपोजिट पार्टी के लोग और उनका अपना सगा भाई और भतीजा।

“क्यों… क्यों… किया तुम दोनों ने ऐसा? चाचा तो पिता समान होते है और भैया जी ने तो सदा समस्त परिवार को इतना प्रेम दिया। फिर क्यों आपने और आपके बेटे ने मेरे बेटे की हत्या की। क्यों आपने नयनसी के अपहरण में साथ दिया? क्यों आपने मेरे बेटे की जीप में बम रखवाया क्यों… बोलिए…!”

एस.एस.पी. चीखकर… “बोलता क्यों नहीं।“

जहर भर गया था। इर्ष्या होती थी। जलन से छाती तपती थी। इतना योग्य बेटा, संस्कारी बहू पोते पोतिया देखकर तुम्हारे । तुम्हारी दौलत, शोहरत, प्रसिद्धि, समाज में इतना सम्मान, सुसंस्कृत परिवार सब आँखो में खटकता था। सीने में चुभता था। हर जगह तुम्हारा परिवार सराहा जाता और मैं मुँह लटकाए नकली हँसी हँसता, वहाँ का हिस्सा बनता। जिसे देखो बस आपका गुणगान, आपके बेटे का गुणगान। हमें बहुत क्रोध आता था।..

 .. जिस दिन आपका बेटा इलेक्शन जीता उस दिन यह एहसास हुआ कि आपका परिवार तो मेरे परिवार से बहुत आ गे निकल गया। आपको तोड़ना चाहता था। आपका मनोबल आपकी ताकत हिम्मत सब मिट्टी में मिलाना चाहता था। इसलिए यह सब किया।

“ईर्ष्या… इतनी ईर्ष्या कि इतना घिनौना पाप कर बैठा दिग्विजय तू। मेरी नयनसी को अपोजिट पार्टी के हाथों सौप आया तू। क्या वह तुम्हारी पोती नहीं थी। तेरे हाथ नहीं कांपे।..

.. इतना दानव निकला तू कि मेरे बेटे की जीप में बम रखवाकर उसकी हत्या कर बैठा। अपने बेटे को गंगा की गोद में सौप आया मैं और मेरी मासूम बहू अस्पताल में जीवन और मृत्यु से जूझ रही है। मेरी पोती डर और असुरक्षा की मनोदशा में जी रही। हिस्टीरिया के दौरे पड़ते है उस अबोध को इतनी सी उम्र में। मेरे बेटे की आने वाली संतान गर्भ में ही साँसें तोड़ कर चली गयी। इससे बुरा और क्या होगा एक इंसान के जीवन में।

 

कमीज की जेब में वो बूढ़ा और थका हुआ बाप एक झटके से रिवाल्वर निकालकर सभी की सभी गोली एक एक करके दिग्विजय सिंह, उसके बेटे, करतार सिंह और उसके चेले चपाटों पर बारी बारी से दाग देता है।

सी.इ.ओ. का हृदय एक टूटे हुए बूढ़े बाप को देखकर इतना द्रवित हो जाता है कि वो उनके हाथ से रिवाल्वर तुरंत अपने हाथ में ले लेता है। और कहता है कि आप जाइए अपनी पोती और बहू के पास। इन सभी ने लाकअप के अंदर आप पर हमला किया और आपकी सुरक्षा के लिए मुझे इन्हें मारना पड़ा।

नयनसी के बाबा बुझे मन से घर की ओर आ रहे। मन अंतरद्वंद्व से भरा हुआ है। आँखों से आँसू बह रहे है। आसमान से बारिश हो रही। हृदय दहाड़े मारकर रो रहा। अपनों ने छला, इस पीड़ा से हृदय फटा जा रहा। घर की राह में पड़ोस का एक बच्चा दिखा उसे आवाज देकर पास बुलाया और कहा- “ मेरे घर जाकर नयनसी और यशोदा से कह देना कि मैं थाने से सीधे अस्पताल चला गया।“

“नयनसी… नयनसी…”

“हाँ यशोदा चाची”

“कहाँ खो जाती हो बिटिया, क्या सोचती रहती हो बच्चा।“

नयनसी पुरानी यादों को झटक वर्तमान पर ध्यान केन्द्रित करते हुए यशोदा चाची से पूछती है- “चाची मम्मी कब आयेगी घर।“

“बहुत जल्दी दुल्हिन को भोलेनाथ घर भेजेंगे बिटिया।“

इधर दिग्विजय सिंह के छोटे बेटे ने आतंक मचा रखा था। रात में पत्थर फेंकते आँगन में। स्कूल के रास्ते में नयनसी का पीछा करते। नयनसी का स्कूल जाना लगभग न के बराबर था। वह जब भी स्कूल जाती तो सुरक्षा घेरे में जाती जब बहुत जरूरी जाना होता। यशोदा नयना के लिए हर कदम पर मौत से लड़ने को तैयार रहती। नयनसी की माँ का जीवन तो बच गया था पर कोमा में जाने के कारण वो अस्पताल में ही थी। पिता की तरह वहाँ नयनसी के बाबा अपनी, बहू की देखभाल करते। नयनसी को अँधेरा, शोर, भीड़ बहुत डराते। एक डर एक भीड़ एक शोर जिसे उसने जिया भोगा और सहा, वो उसके अंदर समा गया था जो वक्त के साथ और भी बढ़ता गया। नयनसी के दिल की दीवार पर सभी बीते हुए एहसास कील की तरह ठुक से गये जैसे सदा के लिए।

उस दिन नयनसी का जन्मदिन था। यशोदा चाची हलवा बना रही थी। उस दिन अस्पताल से बाबा आये थे नयनसी के लिए साइकिल उपहार लेकर। बाबा को देखती ही नयनसी खुशी से चहक उठी।

इस बार जन्मदिन मनाने के बाद जब बाबा अस्पताल जाने लगे तो नयनसी ने भी साथ जाने की जिद की। बहुत जिद करने के बाद आखिर में बाबा उसे साथ ले जाने को तैयार हो गये। बाबा रास्ते भर नयनसी को समझाते रहे। माँ आपकी बीमार है बेटा। जाने ईश्वर कब उन्हें होश में लायेंगे। मैं भी बूढ़ा हो चुका हूँ। थक सा गया हूँ आपके पिता के जाने के बाद।

यह घर यह जिम्मेदारियां सब सहेजना है। नये सिरे से नयना बेटा–बाबा जिस तरह से नयनसी के सामने अपना हृदय खोलकर रख रहे थे, सच में नयना को उसी एक पल ने बड़ा कर दिया था। वो बाबा के साथ जैसे ही अस्पताल पहुँची वहाँ एक बहुत सुखद खबर मिली। डाक्टर्स ने बताया कि नयनसी की माँ ने आँखें खोली थी। तीन साल बाद पहली बार नयनसी की माँ ने आँखें खोली थी। बाबा यह सुनते ही रो पड़े। नयनसी बाबा के साथ माँ के वार्ड में पहुँची। उसने माँ की हथेली हाथ में लेकर पुकारा… माँ।

माँ ने फिर आँखें खोली। बहुत देर तक माँ स्तब्ध सी अपनी बच्ची को देखती रही। वो धीरे धीरे चेतना में आ रही थी।

दुल्हिन… बिटिया… नयनसी के बाबा बहुत उम्मीद और खुशी से उनकी तरफ देखकर बोले।

पिता जी- नयनसी की माँ इतना ही बोल पायी थी कि तब तक डाक्टर आ गये। उन्होनें आराम करने को कहा। डाक्टर ने नयनसी के बाबा को केबिन में बुलाकर कुछ दवाइयां लिखी, और कुछ निर्देश दिए। कुछ समय के बाद अगर सब ठीक रहा तो वो नयनसी की माँ की छुट्टी भी कर देंगे अस्पताल से एसा कहा। कुछ समय डाक्टरी निरीक्षण में रहकर नयनसी की माँ की अस्पताल से छुट्टी हो गयी। वो घर आ रही थी आज। जैसे ही वो घर पहुँची यशोदा ने उन्हे गले से लगा लिया।

ये तीन साल कैसे बीते नयनसी के यह सामर्थ्य किसी कलम में नहीं कि इस पीड़ा को कह सके। यशोदा चाची ने कितना साथ दिया। कैसे हर जगह खड़ी रही। घर और नयनसी को सम्पूर्ण हृदय और समर्पण से यशोदा चाची ने संभाला। यशोदा नयनसी की माँ की परछाई बन चुकी थी। नयनसी ने भी इतनी कम उम्र में एक समूची दुनिया देख ली थी। उस बच्ची के मन का मनोविज्ञान बहुत बदल चुका था। हृदय के पोर पोर में एक पीड़ानुमा अँधेरा भर चुका था। उन दिनों रातों में एकदम भी नींद नहीं आती थी उसे। एक रात नींद नहीं आ रही थी। उसने उठकर पिता की लाइब्रेरी खोली। ढेर सारी किताबें थी लाइब्रेरी में। कुछ डायरियाँ भी। एक डायरी उठाई। जिज्ञासा जगी पढ़ने की पहला पन्ना खोला। पन्ने पलटती गयी। पढ़ती गयी। जीवन से भरे हुए, उर्जा से लबरेज भीड़ से अलग बहुत ही खूबसूरत व्यक्तित्व था पिता का।

डायरी के एक पन्ने पर लिखा था - आज मेरे घर एक बहुत बड़ी खुशी आई। मेरी प्यारी सुंदर सी बेटी। जिसे देखता हूँ तो बस देखता ही रहता हूँ। उसे देखता हूँ, तो मन सकारात्मकता से भर जाता है। उसे गोद में लेता हूँ तो लगता है खुशियों का खजाना ईश्वर ने मेरे दामन में डाल दिया। हंसती खिलखिलाती दमकती सूरज की रोशनी जैसी है वह। वह जहाँ भी रहेगी बस रोशनी करेगी। उसकी मुस्कान और आँखों को देखकर एसा एहसास जगता है। नयनसी ने वो डायरी पढ़ने के बाद खुद को अंतिम सीमा तक बदल डाला। रोना, उदास रहना अपने आप में गुम रहना सब छोड़ दिया। सदा उसका प्रयास रहता कि माँ बाबा को खूब खुश रखे। उनकी हर बात माने। बहुत दिल लगाकर पढ़े। अच्छे अच्छे काम करे। संसार की सभी खुशियाँ माँ बाबा के कदमों में अर्पित कर दे।

हर शाम लाइब्रेरी में बैठती वह। अपने पिता को थोड़ा और जान पाती बीती शाम से।

कुछ एसा करते करते उसकी आदत बन गयी पढ़ने की। मन को एक ठहराव मिला उसके। घर में हँसी खुशी का माहौल बनाने की कोशिश करने लगी। परंतु घर में एसी उदासी व्याप्त कि जाने का नाम नहीं ले रही थी। बाबा के साथ वह घंटो बैठती। बहुत बातें करती। कभी बेवजह हँसती, कभी झूठ मूठ का रूठ जाती। धीरे-धीरे बाबा नयनसी में रमने लगे थे। कई बार तो यह भी कहते कि नयनसी आपकी आदतें, बातें सब भैया जी की तरह है। बेटे को उसमें वो ढूँढने लगे थे।

नयनसी ने अपना एकांत, डर और दुख अंदर तगड़े से संभाल रखे थे, समेट रखे थे और ऊपर स जीने की पूरी कोशिश में लगी थी। भरसक कोशिश के बाद वो इसमें सफल भी हुई। छोटी छोटी बातों पर बड़े बड़े ठहाके लगाती। अंदर हद दर्जे की बेचैनी समेटे अथक प्रयास करती कि घर का माहौल सामान्य हो जाये। धीरे धीरे प्रयास के बाद बाबा भी नयनसी के अब मस्तिष्क की दवाई इलाज के बाबा स्वस्थ हो रहे थे। माँ भी धीरे धीरे बाहर से सहज होने लगी थी। अंतःस्थिति तो शायद ही अब कभी सही हो पाये नयनसी की माँ। पर यह मान लीजिए कि थोड़ा सा जीने लायक हालात बनने लगे थे। नयनसी को खुश रहने से

 ज्यादा खुश दिखने की चिंता रहती। उसके अंदर के अंधेरे और एकाकीपन से हर कोई अनभिज्ञ था। साल दर साल बीतते गये। नयनसी का मन पिंजड़े में बंद पक्षी की तरह बंद ही रहा।

आज वो सत्रह साल की है। उसने पढ़ाई में टॉप किया है। उसके बाबा और माँ को विद्याल में सम्मामित करने के लिए बुलाया गया। नयनसी की तस्वीरें फोटोग्राफर खींच रहे है। अंदर से नयनसी बार-बार कैमरे की जलती बुझती रोशनी से ऊबी जा रही है पर ऊपर से उसने एक सुखद मुस्कान पहन रखी है। वो भीड़ शोर, तालियों में असहज होकर भी सहज दिख रही है और बहुत हिम्मत के साथ खुद को संभाल रही है। सभी तालियां बजा रहे है। शाबासी दे रहे है।

अनेक मनोचिकित्सक और चिकित्सकों की काउन्सलिंग और इलाज के बाद भी उसके मन और आत्मा की हीलिंग आज तक नहीं हो पायी है। आज भी उसे गाहे बगाहे ही स्टीरिया के दौरे पड़ते है जिन्हे वो दवाइयों से नियंत्रण में रखती है।

पुरस्कार मिल चुका है। बिजेता बच्चो को अलग से विद्यालय पुरस्कार दे रहा है। अभिभावको को बधाई और शुभकामनाएँ मिल रही है।

नयनसी माँ बाबा के साथ हँसते हुए घर जा रही है। घर में यशोदा चाची ने रवा का हलुआ और गुलाब जामुन बनाये है।

विद्यालय परिसर में नयनसी केवल सभी गुरुजनों और अभिभावकों का आभार स्टेज से बोलकर चली आयी जबकि उसकी आत्मा संसार के अंतिम छोर तक बसे हर इंसान से चिल्ला चिल्लाकर कहना चाह रही कि इस संसार में इर्ष्या को खत्म किया जाना चाहिए जैसे भी खत्म कर सके। इर्ष्या से ग्रसित इंसान हैवान बन जाता है। पाप करता है। अपनी इर्ष्या को पोषित करने के लिए अंतिम सीमा तक गिर जाता है। इस संसार में ईश्वर को हर इंसान को यह वरदान देकर अवश्य भेजना चाहिए कि जाकर इस संसार में दिल और दोनो हाथों से मंगलकामनाएँ  लुटाना, शुभकामनाएँ बाँटना।

इर्ष्या ने किस तरह से एक हँसते खिलखिलाते परिवार का और एक फूल सी बच्ची के अंतस की एसी मनोदशा कर दी, कि उस बच्ची का हृदय इस जन्म में तो कभी भी पहले जैसा नहीं हो पायेगा। वो कितनी भी कोशिश कर ले। इर्ष्या एक एसी घृणित कुंठा है जो मनुष्य को नीच से भी नीच बना देती है अकारण।

असुंदर सुंदर से नफरत करता है। गरीब अमीर से।

असफल सफल से… बेवजह… अकारण…

ईर्ष्या और लोभ से भरे हर इंसान को मृत्युदण्ड की सजा मिलनी ही चाहिए वरना न जाने कितनी नयनसी अपने होठों पर मुस्कान और सीने में बेचैनिययाँ संभालते-संभालते, थक कर चूर होकर इस संसार में अपना बिखरा तन मन लेकर जीने को विवश रहेगी।



- दिव्या सिंह सिसोदिया

दिव्या सिंह सिसोदिया की अन्य कहानियाँ