ग़ज़ल लिखे दोहे लिखे, मुक्तक या फिर गीत।
'बादल' ने दो ही लिखे, या आँसू या प्रीत।।
मानव को चुभने लगे, जब ऊँचे क़द, नाम।
तब गमलों में बो दिए, बरगद पीपल आम।।
तंज 'सपोलों' ने कसे, किया अनादर घोर।
दम घुटने से हो गये, लुप्त 'डायनासोर'।।
तन को दस-दस रोग दे, मन में करती शोर।
'बादल' कहता है तभी, चिंता आदमख़ोर।।
कुछ साँपों की हो गयी, जब बाजों सँग 'डील'।।
चिंता, भय उनके हुए, ताक़त में तब्दील।।
सच कहने में आजकल, जितनी डरे ज़ुबान।
उससे भी ज़्यादा डरे, सच सुनने में कान।।
मुझे मिला यह ज्ञान है, ध्यान लगा एकान्त।
इच्छा है यदि शान्ति की, इच्छा करिए शान्त।।
गन्ने से गुड़ बन रहा, गमका सारा गाँव।
दोना लेकर आ गये, बच्चे नंगे पाँव।।
क्षमा माँगकर धुल गए, कभी धुले कर जाप।
कभी पाप यूँ भी धुले, यदि मन पश्चाताप।।
बात बहुत यह गूढ़ है, और ज्ञान से युक्त।
एक क्षमा करता मगर, दो-दो होते मुक्त।।
छत भी जिनकी है नहीं, ऊनी वस्त्र न गात।
उनको हत्यारिन लगी, ठिठुरन वाली रात।।
कोई चैती गा रहा, गाता कोई फाग।
सभी अलापे जा रहे, अपना-अपना राग।।
जब छालों में हो गई, शुरू गुदगुदी पाँव।
राही तब तुम मानना, बहुत पास है गाँव।।
सेहत से रोटी बड़ी, तभी रहा वो खाँस।
भर गुब्बारा बेचता, बूढ़ा अपनी साँस।।
जीवन की इस राह में, यही किया बस फ़ील।
ख़ुशियाँ गज दो गज चलीं, दुःख को मीलों मील।।
सोच-समझ कर बोलिए, रहे न कोई खेद।
नाव डुबोने के लिये, एक बहुत है छेद।।।
किसने छीने बोलिए, बचपन के अंदाज़।
'बादल'रोता देखकर, बच्चे उम्रदराज़।।
सच को मैंने सच कहा, कहा झूठ को झूठ।
बस मुझसे मेरे सभी, गए तभी से रूठ।।
नित्य मिलाता सूर्य जब, अँधियारे को ख़ाक।
तब किरणें हैं बाँटती, उजियारे की डाक।।
नहीं अलापें हर कहीं, सज्जनता के राग।
सीमा तक ही ठीक है, इस कलियुग में त्याग।।
वो खुलकर हँसता रहा, अचरज में संताप।
थकी-थकी सब साज़िशे, मिलकर करें विलाप।।
चौसर पर है ज़िन्दगी, पासा शकुनी पास।
फिर भी रखकर हौसला, लड़ता निज विश्वास।।
डूब सभी पढ़ने लगे, ख़बर सनसनीखेज़।
नयन बिखेरें जब कभी, दिल के दस्तावेज़।।
शक़ उपजा तो इन्द्रियाँ, बदली हैं किरदार।
कान हुए जासूस हैं, आँखें पहरेदार।।
अद्भुत रचना ईश की, नारी तभी सशक्त।
जग से लोहा ले रही, नहीं 'आयरन' रक्त।।
खुली किताबें जो हुए, वे रो-रो कर चूर।
चुपके से ख़ुशियाँ उड़ीं, जैसे उड़े कपूर।।
मीठे बोलों से नहीं, मन-मिठास तू भाँप।
कभी न लगता मोर भी, खाता होगा साँप।।
तुम भी रखो गुलाब-सा, अपना सदा उसूल।
ख़ुशबू तो बाँटो मगर, रखो कवच-सा शूल।।
चमक-दमक से दूर है, बिना किसी अभिमान।
छिपा कोयले में कहीं, हीरा किसी खदान।।
दिनकर से लोहा लिये, चुभे जेठ के शूल।
तभी पीत ये हो गये, अमलतास के फूल।।
हार नहीं हरदम बुरी, जीत न हरदम नेक।
सीमा में अच्छे सभी, बुरा सदा अतिरेक।।
उलट-पलट पढ़ते रहें, जीवन के अध्याय।
'निज अनुभव' ही श्रेष्ठ है, पुस्तक का पर्याय।।
पसरी हैं ख़ामोशियाँ, किससे बोले कौन।
जब बेटी होती विदा, शहनाई तक मौन।।
पूनम की है चाँदनी, कभी अमावस रात।
इससे ज़्यादा कुछ नहीं, जीवन की औक़ात।।
'बादल' बादल से कहे, बादल हो तुम ख़ास।
बादल-बादल बूँद हो, बादल-बादल प्यास।।
चाकू- ख़ंजर से लगे, कभी किये हैं ख़ून।।
कभी नोच घायल किये, जिह्वा के नाखून।।
दोहन दोनों कर रहे, ग्वाला-साहूकार।
एक दुग्ध-अमृत दिया, एक ब्याज की मार।।
दोनों का व्यवहार ये, कितना है विपरीत।
युवा भविष्य जिये सदा, बूढ़ा जिये अतीत।।
सद्गुण सारे धुल गए, अहम् बिगाड़े काम।
ज्यों नींबू की बूँद भी, फाड़े दूध तमाम।।
मुखिया बैठा सोचता, हुई कहाँ पर भूल।
मैंने बोया आम था, उपजे मगर बबूल।।
गंगा-जमुना का मिलन, दे ढोलक पर थाप।
बहनों से आकर मिलीं, सरस्वती चुपचाप।।
भारत ने सीखा अभी, वर्षों करके भूल।
फूल मिले तो फूल दो, शूल मिले तो शूल।।
प्रतिभा का सम्मान से, दिखे नहीं अब मेल।
मुकुट उसे जो जीतता, साम-दाम का खेल।।
अक्सर मारा वो गया, करता सच की बात।
विष का प्याला आज भी, पीता है सुकरात।।
ताल भरे, पोखर भरे, और भरे हैं कूप।
बादल आकर पी गए, चुभने वाली धूप।।
अहम-वहम दो दैत्य हैं, इनके दो आहार।
रिश्तों की नीवें प्रथम, दूजा गहरा प्यार।।
मकड़ी से कारीगरी, चिड़िया से तरक़ीब।
चींटी से हम सीखते, श्रम से बने नसीब।।
जब से उसको लग गया, नाकामी का रोग।
'बादल' ने देखे यहाँ, बदले-बदले लोग।।
सतयुग-त्रेता में मिले, द्वापर-कलयुग संग।
हर युग में मिलते रहे, श्वेत-श्याम से रंग।।
फूलों से यारी रखो, मुझे न जाओ भूल।
मैं माटी तो क्या हुआ, मुझसे ही फल-फूल।।
मुँह खोले तो खुल गई, उनकी सारी पोल।
चुप थे तो ज्ञानी लगे, बोले तो बकलोल।।
दो विद्यालय 'प्यार' के, दें परिभाषा ख़ास।
एक 'जलन' को मानता, एक कहे 'विश्वास'।।
वो सोते हैं चैन से, ख़तरा सके न भाँप।
जाग रहा मैं देखकर, खटिया नीचे साँप।।
हुई च्युइंगम ज़िन्दगी, चबा रहे उस्ताद।
जितनी खींचे जा रहे, उतनी है बे-स्वाद।।
जिह्वा भरती घाव है, जिह्वा करे अजोर।
जिह्वा ही विष है कभी, जिह्वा आदमख़ोर।।
माना है कमज़ोर वो, सहे न हल्के वार।
पर निर्भय होकर कहे, शीशा..सच हर बार।।
मुश्किल में ही कर रहे, सब अपनों को याद।
यश-धन ने रोका सदा, अपनों से संवाद।।
यह कैसी प्रतियोगिता, यह कैसा परिणाम।
मूक-बधिर थे दौड़ में, लँगड़े को ईनाम।।
यह दुनिया है बेरहम, रखो न मीठी आस।
पैग़म्बर सूली चढ़े, मिला राम वनवास।।
स्वच्छ हुआ है आदमी, पानी से कर स्नान।
मगर पसीने से नहा, शुद्ध हुआ इंसान।।
ग़लत देखकर इसलिए, चुप हैं कुछ इंसान।
जिसके मुँह में हड्डियाँ, कब भौंका वो श्वान।।
राहों में मुश्किल छिपी, जैसे कोई एक।
वैसे मुश्किल में सदा