बिन सजन के मुझे कुछ न भावे सखी
मेरी सेजिया सजी की सजी रह गयी
चार बतियाँ बलम से मैं कर न सकी
मेरे हाथों में मेंहदी रची रह गयी।
मेरे शृंगार पर आज नैना मेरे
जानें काहे को रूठे सखी
मैं अकिंचन हुई मन के आह्लाद से,
मेरा सब खो गया है सखी
बहके आया कपोलो पे कजरा मेरे,
कोर कजरा की दृग में सनी रह गई
बिन सजन के मुझे कुछ न भावे सखी
मेरी सेजिया सजी की सजी रह गई ।
फूल डाली के छूते ही कुंभला गए
जैसे पेड़ो पे पतझड़ के दिन आ गए
तुम ऋणी रह गए मेरे प्रेम के
आर्य! जीवन से हम भी हैं उकता गए
सारे दर्पण महल के ये वैरी हुए ,
किर्च चुभती है दिन रात मुझको सखी
अपने कर्तव्य पथ को चुना आर्य ने,
मैं हूँ अतिरिक्त उनका यहाँ पर सखी
तोड़ कर सारे वादे चले वो गए,
उनकी तस्वीर मैं देखती रह गई
बिन सजन के मुझे कुछ न भावे सखी
मेरी सेजिया सजी की सजी रह गई
सबके कहने को मैं हूँ सुहागन सखी
सच यही है कि मैं हूँ सुहागन सखी
भाई भाभी के संग वन चले वो गए
क्या करूँ मैं, बड़ी मैं अभागन सखी
मैं प्रतीक्षा की लौ में जलूं रात दिन,
दोष क्या है मेरा यह बता तो सखी ?
सात वादे तो मुझसे भी थे किए,
उनको भी निभाना तो था न सखी?
दो जीवन हुए एक, निर्णय अकेला,
बात मुझको अखरती यही रह गई
बिन सजन के मुझे कुछ न भावे सखी,
मेरी सेजिया सजी की सजी रह गई ।