अक्षर अक्षर मौन लिखा है
लिख दिया है एक परिभाषा
जीवन के संघर्ष में तुमने
लिख दिया है नई अभिलाषा
स्वप्न सुनहरे राह देखते
भोर की उजली चादर ताने
सहम सहम के पास जो आए
नई बनी जीवन अफसाने
लिख दिया तकदीर ने जो भी
बदल नहीं सकता वह आशा
जीवन के संघर्ष में तुमने
लिख दिया है नई अभिलाषा
पत्ते बुटे कोंपल कोंपल
जीवन में इक राग ढूंढता
थका हुआ है जो जीवन अब
दूर कहीं वह साज ढूंढता
गीत कोई सुर लहरी में फिर
गाकर देता है जो दिलाशा
जीवन के संघर्ष में तुमने
लिख दिया है नई अभिलाषा
दूर नहीं अब मन यह रहता
पास कोई जो अब तो बुला ले
प्रेम वेदना मन ये रोदन करे
कोई तो आकर गले लगा ले
छूट गया नाता रिश्ता सब
छूट गया जीवन हर आशा
जीवन के संघर्ष में तुमने
लिख दिया है नई अभिलाषा
अक्षर अक्षर मौन लिखा है
लिख दिया है इक परिभाषा
जीवन के संघर्ष में तुमने
लिख दिया है नई अभिलाषा।।