कविता



कार्यालय

कार्यालय में सो रहा है कुत्ता

बकरियाँ आती हैं

बाबुओं के सीट के नीचे

सूखे पान के पत्तों को चबाकर

चली जातीं हैं

 

अधिकारी आते हैं और चले जाते हैं

लोग आते हैं और चले जाते हैं

काम नहीं होता।

 

वह कुछ नहीं होता जो होना चाहिए।

अधिकारी है तो बाबू नहीं होता

बाबू है तो अधिकारी नहीं होता

दोनों हैं तो फाइल नहीं होती

फाइल है तो मूड नहीं होता

मूड है‍, फाइल है, बाबू है, अधिकारी है,

तब वह नहीं है जिसकी फाइल है

वह नहीं है तब कुछ नहीं है।

 

सब कुछ होना और काम होना

संभावना विग्यान का शिखर बिन्दु है।

फाइल रूपी पिंजड़े में कैद हैं,

 

न जाने कितनी जिन्दगी,संवेदनाएं,आशाएँ।

लोग आते हैं,

कुशल बहेलिए की तरह पिंजड़ा खोल कर

बाबू फेंकता है चारा

सौभाग्य रूपी चिड़िया

मरने नहीं पाती।

 

बकरियाँ आती हैं

पान के पत्तों के साथ चबाकर चली जाती हैं

लोगों के ख्वाब।


कार्यालय में सो रहा है कुत्ता

उसके साथ सो रहा है,

'देश का भविष्य।'



- देवेन्द्र कुमार पाण्डेय

देवेन्द्र कुमार पाण्डेय की अन्य कविताएँ