कविता



उजास की तलाश

मैं रहता हूँ किसलिए उदास?

क्या अपनों को दे न पाया उजास?

जीवन बस जैसे-तैसे कट रहा,

जबकि दुनिया में सुख का आलोक बंट रहा।

 

कहाँ कोई मेरी खामोशी को समझता है,

हर कोई अपनी मर्जी थोप कर डपटता है।

अंतस में अश्रु की धार बहाकर,

सदा दुखों के समंदर में नहाकर भी,

मैं अधरों पर मुस्कान सजाता हूँ,

भीतर की आग से दुःख को जलाता हूँ।

 

अपनों के तानों की मार सहता हूँ,

बदकिस्मत सा इस महफ़िल में रहता हूँ।

जो हो रहा था, उसे चुपचाप होने दिया,

सबकी खुशियों के लिए खुद को खोने दिया।

मैंने वक्त की भट्टी में खुद को ढलने दिया,

और भीतर ही भीतर चुपचाप दुःख को बढ़ने दिया।

 बंद है अगर आज भाग्य का दरवाजा,

तो पुरुषार्थ के आगे क्या करेगा ख्वाजा?

पर याद रहे, मेरा हौसला अभी पस्त नहीं हुआ,

मैं आज भी अपने भीतर के उजास की तलाश में मस्त हूँ।



- सूर्यदीप कुशवाहा

सूर्यदीप कुशवाहा की अन्य कविताएँ