आज का दिनमान देखो
यह दे रहा संदेश है ,
व्यर्थ जो तुमने किया
वो वक्त कितना शेष है।
काल की प्राचीर से अब
छेड़ अपना नाद स्वर ,
हो नहीं विस्मित प्रतिज्ञा
लक्ष्य पर संधान कर ।
काँटों भरा हो पथ तो क्या ??
श्रमशक्ति से तु बुहार ले ,
हस्त कौशल से तु अपने
तकदीर को निखार ले ।
गहन तिमिर के कोख से
ज्यूँ जन्म लेता प्रकाश है ,
दिवस के अवसान में त्यूँ
हुआ विलय अंधकार है
नव वर्ष में संकल्प हो
उत्कर्ष का, यश मान का
चहूँ ओर बिखरे भाव सबमें
हर्ष का स्वाभिमान का ।
बाहुपाश में भर ले क्षितिज को
हौसले की उड़ान हो
बढ़ चले पग कर्मपथ पर
थमना नहीं स्वीकार हो ।