ग़ज़ल



ग़ज़ल 2

कहीं पर जब कभी भी, वेदनाएं जन्म लेती हैं |

वहीं पर उनसे लड़ने की कथाएं जन्म लेती हैं |

 

किसी को भी सफल होते हुए जब देखते हैं हम,

हमारे मन में भी कुछ कामनाएं जन्म लेती हैं |

 

कहीं पर जन्म लेती हैं कभी भी वेदनाएं तो,

वहीं पर उनसे लड़ने की कथाएं जन्म लेती हैं |

 

बुरा होना हुआ निश्चित, यही सदियों से देखा है;

किसी के मन में जब भी वासनाएं जन्म लेती हैं |

 

किसी की चाह यदि सच्ची, हमेशा पूर्ण होती है;

जहाँ माधव, वहीं पर गोपिकाएं जन्म लेती हैं |

 

हुए बच्चे अगर पैदा तो केवल ये नहीं होता,

दुबारा साथ उनके, उनकी माँएं जन्म लेती हैं |

 

जिन्हें हम प्रेम करते हैं, अगर वो सामने आएं;

अलग उनके लिए कुछ भावनाएं जन्म लेती हैं |

 

कभी ख़्वाबों, ख़यालों में, कभी तो रूबरू उनके;

मुहब्बत से भरी कुछ कल्पनाएं जन्म लेती हैं |

 

अमीरों के लिए धन की कमी आड़े जो आती है,

ग़रीबों के लिए कुछ योजनाएं जन्म लेती हैं |

 

नियम जब तोड़ते हैं हम समाजों और कुदरत के,

‘अनघ’ निश्चित बड़ी कुछ आपदाएं जन्म लेती हैं |



- प्रसन्न वदन चतुर्वेदी 'अनघ'

प्रसन्न वदन चतुर्वेदी 'अनघ' की अन्य ग़ज़लें