नया कुछ ढूँढता है कुछ पुराना ढूँढता है |
हमारा दिल हमेशा पल सुहाना ढूँढता है |
हमारी ख़ूबियाँ देखे न देखे चाहे कोई,
हमारी ग़लतियां अक्सर ज़माना ढूँढता है |
कहाँ पर चोट करनी है जहाँ पहचानता है,
हमेशा दर्द का बेहतर निशाना ढूँढता है |
रईसी ढूँढती अक्सर मनोरंजन नए कुछ,
मगर मुफ़लिस हमेशा आबोदाना ढूँढता है |
बहुत मशरूफ़ रहकर थक गया है जो हमेशा,
वो घर-परिवार में कुछ पल बिताना ढूँढता है |
पिता का हाथ सर पे और आशीषें हो माँ की,
दुआओं का वही फिर शामियाना ढूँढता है |
गुलों की ख़ुशबुओं जैसा महक उठता है जीवन,
पुरानी याद का जब भी ख़ज़ाना ढूँढता है |
अभी भी जी रहा है कैस हर घर में यहाँ पर,
वो लैला को अभी भी बन दिवाना ढूँढता है |
जिसे हम चाहते दिल से, उसी से ये कहेंगे;
चले आओ तुम्हें मौसम सुहाना ढूँढता है |
‘अनघ’ ये खूब फ़ितरत है यहाँ हर शख्स की अब,
रुलाकर गैर को ख़ुद को हँसाना ढूँढता है |