ऐसा क्या पढ़ना जीवन में बचपन ही सारा जाये,
खोकर अपनी खूशबू जैसे फूल कोई मारा जाये ।
थोप दिये है सपने अपने
नौनिहाल के कंधो पर,
बेची है खुशियाँ उसकी
कागज के कुछ टुकड़ो पर,
तुम्ही खुली आँखों से देखो
कहाँ दीखता घर आंगन,
लक्ष्य बँधे जूतों में उसके
पांव बँधे हैं सड़कों पर,
उचित नहीं है बोझ उसी के
सिर पर ही डाला जाये।
ऐसा क्या .…
लेकिन है दबाव जीवन का
यह भी बहुत जरुरी हैं,
भागा-भागी है दुनियाँ में
पढ़ना भी मजबूरी है,
पल भर ठहरें थोडा सोचें
हमको क्या-क्या पाना है,
सब कुछ हासिल करने में
क्या उससे अधिक गंवाना है ,
इतना नहीं जरूरी की यह
नाजुक मन हारा जायें ।
ऐसा क्या .…
सघन छाँव की अभिलाषा में
तपिस धूप की ले बैठे,
रहना था जिनको छावों में
उसको ही हम खो बैठे,
उर में उठती एक वेदना
दुनियाँ कौन सजो बैठे ,
जिसकी पुख्ता नींव नहीं
हम वहीं इमारत हो बैठे ,
करें सामना हर मुश्किल का
आख़िर क्यों टारा जाये ।
ऐसा क्या ….