कविता



वेदने_तू_धन्य_है_री!

बिछडूंगी जब जग से साथी!,सबसे ज्यादा तुम रोओगे ।


पढ़कर मेरे पत्र पुराने ,

नैनों में जल भर आएँगे ।

प्रीत सुमन हो विकल तुम्हारे ,

हृदय डाल से झर जाएँगे ।

धुंधले से उन प्रेमाक्षर को -

चुंबित करके नित सोओगे ।


सबसे ज्यादा तुम रोओगे ।


मिट जाएगा ज्ञात मुझे है,

जीने का आधार तुम्हारा ।

चैन न तुमको लेने देगा ,

क्षण भर फिर शुचि प्यार तुम्हारा ।

क्लांत हृदय एकांत अकेले -

उफ ! कितना तुम दुख ढ़ोओगे।


सबसे ज्यादा तुम रोओगे ।


अर्थ न तुमको मिल पाएगा ,

जीवन के फिर मृत मेले में। 

अंतर तुमको फिर न लगेगा,

मधु कंचन में या ढ़ेले में। 

नित पीड़ा के बीज हृदय में -

प्रियतम ! अगणित तुम बोओगे ।


सबसे ज्यादा  तुम रोओगे ।



- डॉ अनुराधा पाण्डेय

डॉ अनुराधा पाण्डेय की अन्य कविताएँ