हे युवा! उठो ! युग निर्माता ! हे महारथी ! उठो !
अब पुनः उठो, कसकर कमर, हे परमार्थी! उठो !
हे सृजन के अग्रदूत! तुम सामर्थ्यवान, शक्तिमान!
पहचान लो पौरुष अपना, हे पुरुषार्थी ! उठो!
अब पुनः उठो ...
नवयुग बन जाने वाली ऐ चिरशक्ति! युवा !उठो !
युग के प्राण! करो निर्माण, ऐ बसंती हवा उठो!
तुम उद्यमी, तुम साहसी ,रुको नहीं, रुको नहीं,
उठो ! उठो अविलंब ! उठो! अब सहसा उठो !
हे युगदृष्टा! जननायक ! हे पारखी उठो !
अब पुनः उठो कसकर कमर--------
इस संसार के कर्मक्षेत्र ,युद्धक्षेत्र में ऐ वीर!
निकल पड़ो, युद्ध करो, रणक्षेत्र में ऐ वीर!
बिगुल फूँक दो ,गुंजा दो पुनः सभी दिशाएं,
संघर्ष करो ! दुर्धर्ष करो ! हर क्षेत्र में ऐ वीर !
हे गांडीवधारी !महा योद्धा ! हे महाबाहु उठो !
अब पुनः उठो ---
हे कर्मवीर ! तुम धर्मवीर! तुम मर्यादा समाज के ।
हे विश्वधर्मा! विश्वकर्मा ! तुम नीतिकर्ता समाज के।
तुम समाज की आशा ,विश्वास, सहज श्रृंगार हो,
गढ़ो मानक नव कीर्तिमान, हे यशकर्ता समाज के।
हे असीम निश्चयी ! दृढ़ प्रतिज्ञ ! हे कालजयी उठो!
अब पुनः उठो---
कर्मपथ पर निकल पड़ो, निष्क्रमण करो महान।तुम्हीं ने हर युग में किया, अब पुनः करो प्रस्थान ।फिर बहा दो नवीन धाराएँ, ज्ञान और विज्ञान की ।
मिथ्या भ्रम और पाखण्ड का, शीघ्र करो संधान ।
हे परम साधक ! शुद्ध बुद्ध ! हे महाऋषि !उठो!
अब पुनः उठो---
इस रिस रहे समाज का अनुसंधान कर दो उठो!
संबंध व संस्कार का धीर विधान कर दो उठो!
तुम घनीभूत ऊर्जा का अजस्र स्रोत हो सखा!
इस बिंदु का उस शिखर तक कायाकल्प कर दो उठो!
हे युग प्रणेता !युग सृजेता !हे परिवर्तनकारी उठो!
अब पुनः उठो--
उठो! विवेकानंद सरीखे, दिव्य तेज लेकर उठो! बछेंद्री पाल-सी हिमालय की ऊंचाई लेकर उठो! बाबा साहब-से शिक्षार्थी व संविधानकर्ता उठो! मिसाइलमैन कलाम का रक्षाशास्त्र लेकर उठो ।
हे दिव्यात्मा !भव्य कौशल! हे नवनिर्माणकर्ता उठो!
हे युवा उठो! युग निर्माता! हे महारथी! उठो !
अब पुनः उठो कसकर कमर हे परमार्थी उठो !