कविता



भावनाएँ, जो जीवित हैं

आज भी तुम
मेरी स्मृतियों में रहती हो,
मेरे सपनों में आती हो
मेरे साथ साथ
छाया रूप में चलती हो
और
मेरी वे भावनाएँ
जो जिन्दा हैं तुम्हारी वजह से
हर रात मेरे पास आती हैं,
कहती हैं-
वह आयी है,
जाओ, देख तो लो;
मैं जाता भी हूँ लेकिन
दस्तक नहीं दे पाता
और लौट आता हूँ।

सामाजिक मर्यादाओं की जलती चिता में स्वयं को जलाता,
इच्छाओं और अनिच्छाओं को मिटाता रहता हूँ उस घर में
जिसकी दीवारें तो हैं
पर छत नहीं है
छत होता भी कैसे.....
उसे तो धर्म और जाति के बम से उड़ा दिया गया था
जिसमें मेरी अधिकांश
भावनाएँ दम तोड़ चुकी थीं
और
कुछ भावनाएँ जीवित रह गई हैं
मुझे उम्र भर रुलाने के लिए!!
------------०-----------

---जय प्रकाश मिश्र धानापुरी



- जय प्रकाश मिश्र धानापुरी

जय प्रकाश मिश्र धानापुरी की अन्य कविताएँ