व्यंग्य



मूर्ति की स्थापना

मूर्ति स्थापित करवा दी गई। छह फीट ऊँचे चबूतरे पर दस फीट ऊँची मूर्ति।  आला कमान से चित्र मांगा गया था जिसके आधार पर बनी थी यह मूर्ति। रामबाबू ने मूर्तिकार को वह फोटो दिखाते हुए हिदायत दी थी कि मूर्ति हू-ब-हू वैसी बने ना बने, उसके सीने की चौड़ाई किसी भी नेता के घोषित सीने की माप से कम नहीं होनी चाहिए। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष की मूर्ति जो है।मूर्तिकार पारंगत था उसने अपना काम बख़ूबी कर दिया था ।
गणमान्यों से विचार विमर्श के पश्चात स्थापना समारोह का दिन निश्चित हो गया ।  क्षेत्र में अपनी विचारधारा वाले सभी शक्तिशाली व प्रभावशाली लोगों को न्योता भिजवा दिया गया। मूर्ति का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष के हाथों होना तय हुआ। वर्षों से कुर्सी से वंचित खानदान के पक्ष में जन भावना की दिशा मोड़ने का बढ़िया उपाय किया था रामबाबू ने । इस बार बयार भी अपने पक्ष में बह रही थी।  उनकी स्थिति उस बिन पानी मछली जैसी थी जिसे दरिया मिलने की आशा हो । समारोह सफल होता तो टिकट मिलना तय था। इसके लिए पैसों की कमी न थी।  उनके भूतपूर्व सांसद दादाजी ने अपने सेवा-कार्य के असंख्य फल एकत्र किए थे।

समारोह के दिन मूर्ति के साथ-साथ पूरा प्रांगण सज गया। यह ग्राम सभा की जमीन थी जिसके पश्चिमी किनारे पर बीचो-बीच पीपल का पेड़ था। उसी की छाँव में प्रतिमा स्थापित की गई थी।  रंगीन टेंट, झाड़-फानूस और हर ओर लहराते झंडे।
लोग आने लगे, भीड़ जुटने लगी। उद्घाटन के लिए तय समय में केवल एक घंटे का समय बचा था।  जो देखता, मूर्ति की तारीफ किए बिना नहीं रह पाता। 
पड़ोस की पंचायत के प्रधान ने  प्रतिमा की प्रशंसा करते हुए रामबाबू से कहा - \"कितनी सुंदर मूर्ति बनी है। अच्छा मूर्तिकार है। चंदन तक उकेर दिया है।\" चंदन ! रामबाबू चौके। चंदन भी चेंप दिया है क्या ! अध्यक्ष जी तो चंदन लगाते नहीं हैं। मूर्तिकार को दिए गए चित्र में भी चंदन नहीं था। रामबाबू झटपट मूर्ति की ओर चल पड़े, साथ में उनके चार-पाँच मित्र भी। देखा तो सचमुच टीका लगा था। रामबाबू को स्वयं पर क्रोध आया कि उस ओर उनका ध्यान क्यों नहीं गया !
  एक मित्र ने कहा - \"चंदन ही है या कुछ और ! पीला चंदन तो गोल लगाते हैं। यह लंबा है।\"  कुछ लोग इसे मूर्तिकार की गलती बताने लगे। लंबा चंदन बनाना था तो लाल रंग का बनाता। गलत लगा है चंदन।
  यहाँ वास्तविकता कुछ और थी। मूर्ति तो बिना टीका लगे ही आई थी। जो कुछ हुआ वह साफ-सफाई और साज-सज्जा के बाद हुआ था।  हुआ यह था कि ऊपर से, ऊपर पेड़ पर से कुछ गिरा था। गिरा नहीं था, किया गया था। और यह किया था किसी पक्षी ने। सटीक संयोग यह था कि जो गिरा था वह ललाट के बीचोबीच, नाक के ठीक ऊपर चिपक कर बिल्कुल चंदन-सा लग रहा था। यह आशंका रामबाबू को भी हुई। उन्होंने इसे साफ कराने का निश्चय किया। अपने दो-तीन साथियों को लेकर रामबाबू भीड़ से अलग हुए, धीरे से बोले - \"लगता है किसी चिड़िया का बीट है। साफ करावाइए उसे।\"
प्रदेश अध्यक्ष जी के आने में सिर्फ बीस मिनट रह गए थे। शहर से काफिला चल चुका था। सोलह फीट की ऊँचाई पर था ललाट।  गाँव से सीढ़ी मंगाने पर समय निकल जाता।  किसी ने सलाह दी कि पचड़े में नहीं पड़ना चाहिए। चंदन जैसा ही तो है, वैसे ही रहने दिया जाए। उधर चंदन धीरे-धीरे लंबा होता जा रहा था ।
  भारी भीड़ जुट चुकी थी, पत्रकार आ गए थे। प्रदेश अध्यक्ष का काफिला भी पहुँच गया।  सबसे पहले उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष जी की मूर्ति का उद्घाटन और उसकी पूजा करनी थी।  लोगों का सहारा लेकर वे चबूतरे पर चढ़ गए।  उन्होंने फीता काटा, फूल चढ़ाए, अगरबत्तियाँ जलाईं और मूर्ति के पास चरण स्पर्श की मुद्रा में झुक गए।  झुके हुए ही  गर्व से मूर्ति के सिर की ओर उन्होंने  अपना चेहरा उठाया।  तभी टप ! उनकी नाक पर कुछ गिरा। तथाकथित चंदन लंबा होते-होते चू गया था। प्रदेश अध्यक्ष के नथनों में दुर्गंध भर गई।  नाक पर अंगुली  फिराई तो चिपचिप। उन्हें बात समझते देर न लगी । उन्होंने एक बार गौर से मूर्ति के ललाट को देखा फिर लाल-पीली आँखों से रामबाबू को।
उसके बाद क्या हुआ होगा !  जाने दीजिए हमें इससे क्या किसी को टिकट मिले, ना मिले; कोई हारे या जीते जिंदगी हमारी जस की तस रहने वाली है।



- विकास विदीप्त

विकास विदीप्त के अन्य व्यंग्य